महिला सशक्तिकरण की दिशा में मिशन शक्ति फेज-5 — गौतमबुद्धनगर पुलिस ने महर्षि यूनिवर्सिटी में किया जागरूकता कार्यक्रम!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक :: नोएडा, 09 अक्टूबर 2025।
महिलाओं की सुरक्षा एवं सशक्तिकरण को समर्पित मिशन शक्ति अभियान फेज-5 के तहत पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर द्वारा लगातार जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज थाना सेक्टर-39 क्षेत्रांतर्गत महर्षि यूनिवर्सिटी में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम पुलिस उपायुक्त (महिला सुरक्षा) श्रीमती प्रीति यादव के पर्यवेक्षण में तथा एसीपी महिला सुरक्षा श्रीमती प्रशाली गंगवार व एसीपी नोएडा प्रथम श्री प्रवीण कुमार के नेतृत्व में संपन्न हुआ। इस दौरान छात्र-छात्राओं, महिला स्टाफ और स्थानीय नागरिकों को महिला सुरक्षा, साइबर सुरक्षा तथा सरकारी हेल्पलाइन सेवाओं के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
अधिकारियों ने प्रतिभागियों को वूमेन पावर लाइन-1090, चाइल्ड हेल्पलाइन-1098 और डायल 112 जैसी आपातकालीन सेवाओं के उपयोग की जानकारी दी। साथ ही गुड टच-बैड टच, घरेलू हिंसा और साइबर अपराधों से बचाव जैसे विषयों पर भी संवाद स्थापित किया गया।
साइबर सुरक्षा टीम ने उपस्थित लोगों को डिजिटल एरेस्ट, पासवर्ड सुरक्षा, ऑनलाइन धोखाधड़ी, फिशिंग और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के बारे में जागरूक किया। अधिकारियों ने कहा कि निजी जानकारी साझा करने से बचना चाहिए ताकि साइबर अपराधों से सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
इसके अतिरिक्त मिशन शक्ति टीम ने बताया कि अभियान के तहत पुलिस की महिला बीट अधिकारी प्रतिदिन गांवों, स्कूलों, कॉलेजों, बस अड्डों और सार्वजनिक स्थलों पर जाकर महिलाओं व बालिकाओं को सुरक्षा से जुड़ी जानकारी दे रही हैं तथा हेल्पलाइन नंबरों के पम्पलेट वितरित कर रही हैं।।