गौतमबुद्धनगर ::मिशन शक्ति 5.0 के तहत महिलाओं को किया गया जागरूक!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
महिला सुरक्षा, साइबर सुरक्षा और सशक्तिकरण पर चला अभियान — कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित
दो टूक :: नोएडा। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में मिशन शक्ति अभियान-5.0 के अंतर्गत महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण को लेकर जागरूकता कार्यक्रमों की श्रृंखला जारी है।
पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन तथा पुलिस उपायुक्त महिला सुरक्षा श्रीमती प्रीति यादव के पर्यवेक्षण में यह अभियान पूरे जनपद में प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है।
थाना फेस-3 क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में एसीपी महिला सुरक्षा श्रीमती प्रशाली गंगवार ने छात्राओं, महिलाओं और स्थानीय स्टाफ को महिला सुरक्षा, साइबर सुरक्षा, व विभिन्न हेल्पलाइन नंबर — वूमेन पावर लाइन-1090, चाइल्ड हेल्पलाइन-1098 और डायल-112 के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसी भी आपातकालीन स्थिति में महिलाएं इन नंबरों पर तत्काल सहायता प्राप्त कर सकती हैं।
सोशल मीडिया पर सजग रहने का दिया संदेश
कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं और महिलाओं को डिजिटल एरेस्ट, साइबर ठगी और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के संबंध में भी शिक्षित किया गया। मिशन शक्ति टीम ने समझाया कि निजी जानकारी साझा न करें, अज्ञात लिंक पर क्लिक करने से बचें और पासवर्ड सुरक्षा पर विशेष ध्यान दें।
गुड टच-बैड टच और घरेलू हिंसा पर हुई चर्चा
महिला पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित छात्राओं से संवाद करते हुए गुड टच-बैड टच की जानकारी दी और घरेलू हिंसा से निपटने के उपाय बताए। इस अवसर पर बताया गया कि किसी भी संकट की स्थिति में महिला हेल्पलाइन और पुलिस सहायता नंबर तुरंत मदद के लिए उपलब्ध हैं।
साइबर सुरक्षा टीम की सक्रिय पहल
साइबर सुरक्षा टीम ने स्कूलों और कंपनियों में जाकर साइबर अपराधों से बचाव, सुरक्षित इंटरनेट उपयोग, ऑनलाइन फ्रॉड और फिशिंग जैसे खतरों से संबंधित जानकारी दी। साथ ही, साइबर हेल्पलाइन नंबरों के बारे में बताया ताकि किसी भी घटना की स्थिति में लोग त्वरित सहायता प्राप्त कर सकें और अपने व्यक्तिगत व संस्थागत डेटा की सुरक्षा सुनिश्चित कर सकें।
थाना स्तर पर निरंतर जागरूकता अभियान जारी
मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत महिला बीट पुलिस अधिकारी गांवों, कस्बों, स्कूल-कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर भ्रमण कर रही हैं। महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा से जुड़ी जानकारी देने के साथ-साथ हेल्पलाइन नंबरों के पंपलेट वितरित किए जा रहे हैं!!