गुरुवार, 9 अक्टूबर 2025

मिशन शक्ति 5.0: गौतमबुद्धनगर पुलिस ने बढ़ाया महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण का अभियान!!

शेयर करें:

🚺 मिशन शक्ति 5.0: गौतमबुद्धनगर पुलिस ने बढ़ाया महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण का अभियान!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक :: नोएडा, 08 अक्टूबर 2025।
महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण को लेकर पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर द्वारा मिशन शक्ति अभियान 5.0 के तहत जनजागरूकता अभियान को और गति दी गई। पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन एवं पुलिस उपायुक्त महिला सुरक्षा श्रीमती प्रीति यादव के पर्यवेक्षण में जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में महिलाओं, छात्राओं और स्थानीय स्टाफ के बीच सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

इन कार्यक्रमों के दौरान एसीपी महिला सुरक्षा श्रीमती प्रशाली गंगवार ने थाना फेस-3 क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित छात्राओं और महिलाओं को महिला सुरक्षा, साइबर सुरक्षा, वूमेन पावर लाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और डायल-112 जैसे हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए जागरूक किया।

पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं और बालिकाओं को गुड टच–बैड टच, घरेलू हिंसा, तथा ऑनलाइन सुरक्षा के बारे में विस्तार से समझाया और उन्हें किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क करने की सलाह दी।
साथ ही साइबर सुरक्षा टीम ने स्कूलों, कॉलेजों और कंपनियों में जाकर कर्मचारियों व छात्राओं को डिजिटल सुरक्षा, पासवर्ड प्रोटेक्शन, सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा न करने, ऑनलाइन फ्रॉड और फिशिंग से बचाव के उपायों की जानकारी दी।

पुलिस की महिला बीट अधिकारीगण द्वारा प्रतिदिन गांवों, कस्बों, स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर जाकर महिलाओं को जागरूक किया जा रहा है। इसके साथ ही विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों से संबंधित पम्पलेट भी वितरित किए जा रहे हैं, ताकि महिलाएं किसी भी स्थिति में सहायता प्राप्त कर सकें।

यह अभियान मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत महिलाओं में सुरक्षा की भावना और स्वावलंबन की चेतना को बढ़ाने का सशक्त प्रयास है, जिससे हर महिला स्वयं को सुरक्षित और सशक्त महसूस कर सके।।