मिशन शक्ति अभियान 5.0: गौतमबुद्धनगर पुलिस ने महिला सुरक्षा व सशक्तिकरण पर बढ़ाया फोकस!!
दो टूक :: नोएडा। महिला सशक्तिकरण और सुरक्षा को लेकर गौतमबुद्धनगर पुलिस ने मिशन शक्ति अभियान फेज-5 के तहत व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया।
पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन और पुलिस उपायुक्त (महिला सुरक्षा) श्रीमती प्रीति यादव के पर्यवेक्षण में कमिश्नरेट क्षेत्र के विभिन्न थाना क्षेत्रों में महिला सुरक्षा, साइबर सुरक्षा और सरकारी योजनाओं के बारे में छात्राओं, महिलाओं और पुलिस कर्मियों को विस्तृत जानकारी दी गई।
अभियान के दौरान मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं को बताया कि थानों में गठित मिशन शक्ति केंद्र कैसे महिलाओं की मदद के लिए कार्य करते हैं और किन परिस्थितियों में इनसे सहायता ली जा सकती है।
कार्यक्रम में उपस्थित महिला अधिकारियों ने प्रतिभागियों को गुड टच-बैड टच, घरेलू हिंसा, साइबर अपराध, डिजिटल अरेस्ट और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के बारे में भी जागरूक किया। उन्होंने कहा कि अपनी निजी जानकारी साझा न करें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस हेल्पलाइन डायल-112, वूमेन पावर लाइन-1090 या चाइल्ड हेल्पलाइन-1098 पर संपर्क करें।
पुलिस की महिला बीट अधिकारी प्रतिदिन स्कूल, कॉलेज, गांव, कस्बों, बस स्टैंड सहित सार्वजनिक स्थानों पर जाकर महिलाओं व बालिकाओं से संवाद कर रही हैं और पम्पलेट वितरित कर हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी दे रही हैं।
इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना और समाज में सुरक्षा एवं सम्मान का वातावरण बनाना है।।
