गुरुवार, 9 अक्टूबर 2025

मिशन शक्ति 5.0: गौतमबुद्धनगर पुलिस ने महिलाओं और छात्राओं को किया सशक्त व जागरूक!!

शेयर करें:


मिशन शक्ति 5.0: गौतमबुद्धनगर पुलिस ने महिलाओं और छात्राओं को किया सशक्त व जागरूक!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक :: गौतमबुद्धनगर, 08 अक्टूबर 2025।
महिला सशक्तिकरण और सुरक्षा के उद्देश्य से चलाए जा रहे “मिशन शक्ति अभियान–5.0” के तहत पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में व्यापक जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशानुसार तथा पुलिस उपायुक्त महिला सुरक्षा श्रीमती प्रीति यादव के पर्यवेक्षण में यह कार्यक्रम विभिन्न थाना क्षेत्रों में आयोजित किए गए।

इस अभियान के दौरान एसीपी महिला सुरक्षा श्रीमती प्रशाली गंगवार ने थाना फेस-3 क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं, महिलाओं और स्थानीय नागरिकों को महिला सुरक्षा, साइबर सुरक्षा, घरेलू हिंसा और सरकारी हेल्पलाइन सेवाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उपस्थित लोगों को 1090 (वूमेन पावर लाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन) तथा 112 (पुलिस इमरजेंसी नंबर) जैसे त्वरित सहायता साधनों की उपयोगिता से अवगत कराया गया।

कार्यक्रम में मिशन शक्ति टीम ने थानों में स्थापित मिशन शक्ति केंद्रों की कार्यप्रणाली, उद्देश्य और महिलाओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित बालिकाओं से संवाद करते हुए गुड टच-बैड टच, घरेलू हिंसा की पहचान और आपात स्थिति में तत्काल सहायता प्राप्त करने के तरीकों पर चर्चा की।

इसी क्रम में साइबर सुरक्षा टीम द्वारा स्कूलों और निजी संस्थानों में विशेष सत्र आयोजित किए गए, जिनमें कर्मचारियों और छात्राओं को ऑनलाइन ठगी, फिशिंग, डिजिटल एरेस्ट, पासवर्ड सुरक्षा, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग और साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।

पुलिस की महिला बीट अधिकारी प्रतिदिन जनपद के गांवों, कस्बों, स्कूल-कॉलेजों, बस स्टैंडों और सार्वजनिक स्थानों पर भ्रमण कर महिलाओं को जागरूक कर रही हैं। साथ ही विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों से संबंधित पम्पलेट वितरित किए जा रहे हैं ताकि हर जरूरतमंद महिला और बालिका तक सुरक्षा सेवाएं पहुंच सकें।।