शनिवार, 4 अक्टूबर 2025

महिला सुरक्षा को समर्पित “मिशन शक्ति 5.0” में गौतमबुद्धनगर पुलिस की दमदार कार्यवाही, 15 हजार से अधिक महिलाओं को किया जागरूक!!

शेयर करें:

 महिला सुरक्षा को समर्पित “मिशन शक्ति 5.0” में गौतमबुद्धनगर पुलिस की दमदार कार्यवाही, 15 हजार से अधिक महिलाओं को किया जागरूक!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक :: गौतमबुद्धनगर:
उत्तर प्रदेश शासन की मंशा के अनुरूप महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान व सशक्तिकरण को लेकर संचालित “मिशन शक्ति फेज-5” के तहत पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस द्वारा लगातार प्रभावी अभियान चलाया जा रहा है।

इस अभियान के तहत जिले के सभी थाना क्षेत्रों में प्रतिदिन पुलिस अधिकारी, महिला बीट पुलिसकर्मी और मिशन शक्ति टीमें स्कूलों, कॉलेजों, सोसायटी, कंपनियों, मेट्रो स्टेशनों व सार्वजनिक स्थानों पर जाकर महिलाओं को सुरक्षा, आत्मरक्षा, स्वावलंबन व साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक कर रही हैं।

🔹 15,713 महिलाओं तक पहुंचा अभियान, 305 स्थानों पर हुए कार्यक्रम

मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत कुल 630 महिला बीट पुलिसकर्मियों ने 305 स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। इन कार्यक्रमों में 15,713 महिलाओं व बालिकाओं ने प्रतिभाग किया।
महिलाओं को उनके अधिकारों, अपराधों से बचाव, हेल्पलाइन नंबरों और साइबर सुरक्षा की जानकारी दी गई। साथ ही 12,256 जागरूकता सामग्री वितरित की गईं।

महिला कल्याण योजनाओं से संबंधित 53 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 52 का पंजीकरण किया गया। शिकायतों के 66 प्रार्थना पत्रों का निस्तारण मौके पर ही कराया गया, जबकि 95 काउंसलिंग, 9 एफआईआर और 1 एनसीआर दर्ज की गई।

🔹 एंटी रोमियो स्क्वाड की सख्ती – 1.13 लाख से अधिक व्यक्तियों की जांच

एंटी रोमियो स्क्वाड ने अब तक 1,13,273 व्यक्तियों और 5,190 वाहनों की जांच की है। इस दौरान 11 अभियोग पंजीकृत हुए व 24 अभियुक्त गिरफ्तार किए गए।
पुलिस ने 17,339 लोगों को चेतावनी दी और विभिन्न धाराओं में 4,573 व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की है।

🔹 घरेलू हिंसा पीड़ित महिलाओं की मदद – 100 पीड़ितों की पहचान, 89 को दी विधिक सहायता

महिला बीट अधिकारियों ने अब तक 401 ग्राम/वार्ड का भ्रमण कर 100 घरेलू हिंसा पीड़ित महिलाओं का चिन्हिकरण किया। इनमें से 89 महिलाओं को काउंसलिंग व विधिक सहायता उपलब्ध कराई गई।
साथ ही 32 सम्मन तामील, 9 जेल से रिहा अभियुक्तों का सत्यापन और 23 के खिलाफ निरोधात्मक कार्यवाही की गई।

🔹 महिलाओं की सुरक्षा के लिए 27 पिंक बूथ सक्रिय

महिला सहायता को प्राथमिकता देते हुए कमिश्नरेट में 2 नए पिंक बूथ (थाना सूरजपुर-लखनावली व थाना इकोटेक तृतीय-सरस्वती इंक्लेव) की स्थापना की गई है। अब जिले में कुल 27 पिंक बूथ क्रियाशील हैं, जहां महिलाओं को त्वरित सहायता और शिकायत निस्तारण की सुविधा दी जा रही है।

🔹 संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाई गई

महिला सुरक्षा के दृष्टिगत 210 हॉटस्पॉट स्थलों पर 350 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। हाल ही में 20 नए कैमरे भी स्थापित किए गए हैं।
पीआरवी व महिला सुरक्षा टीमें इन स्थलों पर सतत निगरानी रख रही हैं ताकि किसी भी असामाजिक गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।

🔹 कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर का संकल्प

मिशन शक्ति 5.0” के उद्देश्यों की पूर्ति हेतु गौतमबुद्धनगर पुलिस द्वारा योजनाबद्ध, संवेदनशील और सतत कार्रवाई की जा रही है, जिससे महिलाओं को सुरक्षित वातावरण, सम्मान और त्वरित न्याय सुनिश्चित हो सके।