बुधवार, 29 अक्टूबर 2025

गौतमबुद्धनगर: नोएडा सेक्टर-31 में आस्था और उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ छठ पूजा महोत्सव!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा सेक्टर-31 में आस्था और उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ छठ पूजा महोत्सव!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

पूर्वांचल मित्र मंडल छठ पूजा समिति के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में हजारों श्रद्धालु हुए शामिल

दो टूक:: नोएडा !!
पूर्वांचल मित्र मंडल छठ पूजा समिति के तत्वावधान में सेक्टर-31 स्थित शहीद भगत सिंह पार्क में आयोजित भव्य छठ पूजा महोत्सव मंगलवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ संपन्न हुआ। सुबह चार बजे से ही श्रद्धालु व्रतधारी महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में घाट पर पहुंचने लगीं। जलते दीपों की पंक्तियों और छठी मैया के गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

सूर्योदय के समय छठ व्रतियों ने भगवान भास्कर को दूध और जल का अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्यता और कल्याण की कामना की। पूजा-अर्चना के बाद ठेकुआ, केला, सेव आदि का प्रसाद श्रद्धालुओं में वितरित किया गया।

आयोजन समिति के महासचिव राघवेंद्र दुबे ने कहा कि सूर्योपासना का यह महापर्व समाज में सहयोग, साझेदारी और सामूहिक चेतना का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि छठ पूजा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं बल्कि यह महिला सशक्तिकरण, पारिवारिक एकता, सामाजिक समरसता और प्रकृति सम्मान का अद्भुत संगम है।
उन्होंने कहा—“सूर्य देव समानता, न्याय और जीवन के प्रतीक हैं। धर्म का अर्थ वर्चस्व नहीं बल्कि लोकशक्ति का जागरण है। प्रकृति पूजा केवल श्रद्धा नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण का संकल्प है।”

कार्यक्रम के अंत में संयोजक अर्जुन प्रजापति ने सभी श्रद्धालुओं और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया और सभी के लिए छठी मैया से सुख-समृद्धि की कामना की।

इस अवसर पर अविनाश सिंह, सुधीर राय, मयंक सिंह, जय प्रकाश गुप्ता, तरुण कुमार, मंगल ठाकुर, किश्वर, जय किशन शर्मा, किशन प्रजापति सहित हजारों श्रद्धालु उपस्थित रहे।।