बुधवार, 17 सितंबर 2025

गौतम बुद्ध नगर में डीएम की अध्यक्षता में योजनाओं की समीक्षा बैठक सम्पन्न!!

शेयर करें:

गौतम बुद्ध नगर में डीएम की अध्यक्षता में योजनाओं की समीक्षा बैठक सम्पन्न!!

देव गुर्जर!!

दो टूक:: गौतम बुद्ध नगर, 17 सितंबर 2025।
कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी मेधा रूपम की अध्यक्षता में अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण योजना, शादी अनुदान योजना तथा पूर्व-दशम एवं दशमोत्तर छात्रवृत्ति व शुल्क प्रतिपूर्ति योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।


बैठक के दौरान डीएम ने कहा कि अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण योजना का उद्देश्य पीड़ित वर्ग को त्वरित न्याय और आर्थिक-सामाजिक संरक्षण उपलब्ध कराना है। उन्होंने निर्देश दिए कि पीड़ितों की शिकायतों का समय से निस्तारण हो और राहत/सहायता राशि वितरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न की जाए।


शादी अनुदान योजना पर चर्चा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि यह योजना शासन की प्राथमिकताओं में है, इसलिए पात्र लाभार्थियों को समय से व पारदर्शी ढंग से अनुदान की राशि उपलब्ध कराई जाए। समाज कल्याण विभाग को सत्यापन कार्य को गति प्रदान करने के निर्देश दिए गए।


पूर्व-दशम एवं दशमोत्तर छात्रवृत्ति व शुल्क प्रतिपूर्ति योजना की समीक्षा में जिलाधिकारी ने कहा कि यह योजनाएँ विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने सभी विद्यालयों व कॉलेजों से आवेदन समय से प्राप्त करने और पात्रता के आधार पर छात्रवृत्तियों का समय पर वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही, शुल्क प्रतिपूर्ति की प्रक्रिया को पारदर्शी व त्रुटिरहित बनाने पर जोर दिया। उन्होंने यह भी कहा कि छात्रवृत्ति के प्रथम चरण में प्राप्त शुद्ध डाटा का समय से वेरीफिकेशन कर आगे की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।


इस अवसर पर मा0 दादरी विधायक प्रतिनिधि दीपक यादव, मा0 जेवर विधायक प्रतिनिधि संजय सिंह, मा0 विधान परिषद सदस्य प्रतिनिधि मनवीर नागर, जिला समाज कल्याण अधिकारी सतीश कुमार, एसीपी मुख्यालय कल्पना गुप्ता, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी लवेश कुमार सिसोदिया सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।।