सोमवार, 15 सितंबर 2025

ग्रेटर नोएडा: शमशान घाट की मांग पर बुजुर्ग महिला का शव रखकर धरने पर बैठे ग्रामीण!!

शेयर करें:


ग्रेटर नोएडा: शमशान घाट की मांग पर बुजुर्ग महिला का शव रखकर धरने पर बैठे ग्रामीण!!

देव गुर्जर!!

दो टूक:: ग्रेटर नोएडा, 15 सितंबर 2025।
ग्रेटर नोएडा के दनकौर थाना क्षेत्र के रिलखा गांव में बीती रात से ही सपेरा समाज के लोग शमशान घाट की मांग को लेकर धरने पर बैठे हैं। ग्रामीणों ने अपने समुदाय की एक बुजुर्ग महिला के शव को अंतिम संस्कार के बजाय घर पर ही रख दिया है और साफ चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांग नहीं मानी गई तो वे शव को लेकर प्राधिकरण कार्यालय तक प्रदर्शन के लिए जाएंगे।


जानकारी के मुताबिक, ग्रामीण लंबे समय से अपने गांव में शमशान घाट निर्माण की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि अंतिम संस्कार के लिए उन्हें दूरदराज जाना पड़ता है, जिससे काफी परेशानी होती है। इस संबंध में कई बार प्रशासन व प्राधिकरण से गुहार लगाई गई, लेकिन अब तक समाधान नहीं निकला।


बीती रात समाज की एक बुजुर्ग महिला का निधन होने पर ग्रामीणों ने अंतिम संस्कार रोक दिया और शव को घर में रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान गांव के सैकड़ों लोग एकजुट होकर धरने पर बैठ गए।


गांव के लोगों ने प्रशासन को अल्टीमेटम दिया है कि जल्द से जल्द शमशान घाट निर्माण की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएं, वरना वे शव के साथ प्राधिकरण कार्यालय पर पहुंचकर धरना देंगे।


फिलहाल पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी हालात पर नजर बनाए हुए हैं और बातचीत के जरिए समाधान निकालने की कोशिश कर रहे हैं।।