सोमवार, 15 सितंबर 2025

ग्रेटर नोएडा :निर्माणाधीन मकान से गिरी ईंट, भाई-बहन घायल!!

शेयर करें:


ग्रेटर नोएडा :निर्माणाधीन मकान से गिरी ईंट, भाई-बहन घायल!!

देव गुर्जर!!

दो टूक:: ग्रेटर नोएडा, 15 सितंबर 2025।
नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र के तुगलपुर गांव में रविवार दोपहर बड़ा हादसा होते-होते टल गया। एक निर्माणाधीन मकान की ऊपरी मंजिल से अचानक ईंट नीचे गिर गई, जिसकी चपेट में दो मासूम भाई-बहन आ गए। हादसे में बच्चे के सिर और बच्ची के पैर पर गंभीर चोट आई है। दोनों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तुगलपुर गांव में रहने वाला फहीम अपने परिवार के साथ किराए पर रहता है। उसके घर के बगल में एक व्यक्ति नया मकान बनवा रहा है। बताया जा रहा है कि हाल ही में पहली मंजिल का लेंटर डाला गया था और दूसरी मंजिल का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा था। रविवार दोपहर करीब दो बजे एक श्रमिक ऊपरी मंजिल पर ईंट चढ़ा रहा था, तभी अचानक ईंट नीचे गिर पड़ी और सड़क पर खेल रहे भाई-बहन उसकी चपेट में आ गए।


घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। वहीं घटना की जानकारी पुलिस को भी दी गई है। फिलहाल दोनों बच्चों की हालत स्थिर बताई जा रही है।


ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि मकान निर्माण के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने प्रशासन से इस तरह की लापरवाही पर रोक लगाने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।।