रविवार, 28 सितंबर 2025

नोएडा में मिशन शक्ति अभियान: छात्र-छात्राओं को महिला एवं साइबर सुरक्षा की दी गई जानकारी!!

शेयर करें:


नोएडा में मिशन शक्ति अभियान: छात्र-छात्राओं को महिला एवं साइबर सुरक्षा की दी गई जानकारी!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक :: नोएडा। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के तहत मिशन शक्ति अभियान फेज-5 के अंतर्गत महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा एवं सशक्तिकरण के लिए लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 27 सितंबर 2025 को पुलिस उपायुक्त महिला सुरक्षा श्रीमती प्रीति यादव ने दृष्टि कोचिंग सेंटर, नोएडा में एक जागरूकता कार्यक्रम को संबोधित किया।


कार्यक्रम के दौरान डीसीपी महिला सुरक्षा ने छात्र-छात्राओं और स्टाफ को महिला सुरक्षा, साइबर सुरक्षा और शासन द्वारा संचालित विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसी भी आपात स्थिति में महिलाएं वूमेन पावर लाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर तत्काल सहायता प्राप्त कर सकती हैं।


इस मौके पर साइबर सुरक्षा टीम ने उपस्थित लोगों को ऑनलाइन धोखाधड़ी, फिशिंग, पासवर्ड सुरक्षा, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग और डिजिटल व्यवहार से जुड़ी अहम जानकारियां दीं। टीम ने यह भी समझाया कि सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा करने से बचना चाहिए ताकि साइबर अपराधियों से सुरक्षित रहा जा सके।


कार्यक्रम में खासतौर पर छात्राओं को यह बताया गया कि कैसे वे सतर्क रहकर न केवल खुद को बल्कि अपने परिवार और समाज को भी सुरक्षित रख सकती हैं। जागरूकता के इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं और युवाओं को आत्मनिर्भर, जागरूक और सुरक्षित बनाना है।


अंत में, पुलिस अधिकारियों ने सभी को आश्वस्त किया कि महिला सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी तरह की समस्या पर पुलिस हमेशा तत्पर है।