गौतमबुद्धनगर में ‘मिशन शक्ति केंद्र’ का वर्चुअल शुभारंभ!!
दो टूक :: गौतमबुद्धनगर, 20 सितम्बर 2025।
महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा एवं सशक्तिकरण को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार ने एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ स्थित लोक भवन से वर्चुअल माध्यम से ‘मिशन शक्ति-5.0’ के अंतर्गत “मिशन शक्ति केंद्र” का शुभारंभ किया। इसका सजीव प्रसारण कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में पुलिस आयुक्त कार्यालय सेक्टर-108, रिजर्व पुलिस लाइन्स सूरजपुर, सभी पुलिस उपायुक्त/अपर पुलिस उपायुक्त कार्यालयों एवं थानों में किया गया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह, अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था डॉ. राजीव नारायण मिश्र, अपर पुलिस आयुक्त मुख्यालय अजय कुमार, पुलिस उपायुक्त सेंट्रल नोएडा शक्ति मोहन अवस्थी, पुलिस उपायुक्त ग्रेटर नोएडा साद मियां खान, पुलिस उपायुक्त महिला सुरक्षा प्रीति यादव, अपर पुलिस उपायुक्त महिला सुरक्षा मनीषा सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
क्या है मिशन शक्ति केंद्र?
वर्ष 2020 में हर थाने में स्थापित महिला हेल्पडेस्क के बाद यह नई पहल महिला सुरक्षा को और सशक्त बनाने के लिए की गई है। मिशन शक्ति केंद्र महिलाओं की शिकायत दर्ज करने से लेकर पुलिस कार्रवाई, काउंसलिंग, कानूनी सलाह, वन स्टॉप सेंटर और अन्य सहयोगी संस्थाओं से समन्वय स्थापित करने का कार्य करेगा। इसका उद्देश्य महिलाओं को एक ही स्थान पर सभी आवश्यक पुलिस सेवाएं प्रदान करना है।
महिला सुरक्षा पर खास जोर
नोएडा ऑडिटोरियम में हुए इस कार्यक्रम में एंटी रोमियो दल के प्रभारी, बड़ी संख्या में महिला पुलिसकर्मी, विभिन्न एनजीओ प्रतिनिधि, छात्राएं और प्रशिक्षणाधीन पुलिसकर्मी शामिल हुए। सभी ने महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण के इस अभियान को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस ने ‘मिशन शक्ति-5.0’ के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जाते रहेंगे।।