बुलंदशहर: बैठक की छत गिरी, महिला गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में भर्ती!!
दो टूक:: बुलंदशहर, 05 सितंबर 2025। जनपद के ककोड थाना क्षेत्र के ग्राम धनपुरा में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। गांव में स्थित एक घर की बैठक की छत अचानक भरभरा कर गिर पड़ी, जिसके मलबे में दबकर एक बुजुर्ग महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत मलबा हटाकर महिला को बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार के बाद नोएडा स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने बताया कि घायल महिला की टांग की हड्डी कई जगह से टूट गई है और उनकी हालत नाज़ुक बनी हुई है।
सूचना मिलते ही राजस्व विभाग की टीम गांव पहुंची और क्षतिग्रस्त छत का आकलन किया। विभागीय अधिकारी मौके की स्थिति की रिपोर्ट तैयार कर संबंधित उच्चाधिकारियों को सौंपेंगे।
गांव के लोगों का कहना है कि यह मकान काफी पुराना था और लंबे समय से इसकी मरम्मत नहीं हुई थी। ग्रामीणों ने मांग की है कि प्रशासन पीड़ित परिवार को तत्काल मुआवज़ा एवं सहायता प्रदान करे।।