गौतमबुद्ध नगर में किसान दिवस का आयोजन, कृषि समस्याओं का हुआ समाधान!!
दो टूक:: गौतमबुद्ध नगर, 17 सितंबर 2025।
जिलाधिकारी के निर्देशानुसार आज विकास भवन सभागार में किसान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान कृषकों ने अपनी कृषि संबंधी समस्याएँ अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
उप कृषि निदेशक राजीव कुमार ने बताया कि कार्यक्रम में किसानों को प्राकृतिक खेती के लाभों की जानकारी दी गई। विकास खंड जेवर में नेशनल मिशन ऑन नेचुरल फार्मिंग योजना के अंतर्गत 1250 कृषकों को जोड़ा गया है। किसानों को जीवामृत, बीजामृत, धनजीवामृत, निमास्त्र व ब्रहमास्त्र जैसे प्राकृतिक खेती के मुख्य घटकों से भी परिचित कराया गया।
सहकारिता विभाग के अधिकारियों ने महासदस्यता अभियान (12 सितम्बर से 12 अक्टूबर) के तहत मात्र 226 रुपये में सहकारी समिति सदस्यता लेने और इसके लाभों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में कृषि, उद्यान, पशुपालन, मत्स्य, दुग्ध उत्पादन सहित कृषि क्षेत्र से जुड़े विभागों के अधिकारी तथा एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कम्पनी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। एक किसान की शिकायत पर वर्षा जल से क्षतिग्रस्त मार्ग की मरम्मत की कार्यवाही भी शुरू कर दी गई।
अंत में उप कृषि निदेशक ने सभी कृषकों और अधिकारियों का धन्यवाद ज्ञापित कर कार्यक्रम का समापन किया।।
