स्वस्थ नारी–सशक्त परिवार अभियान का शुभारंभ, मंत्री बृजेश सिंह ने किया सिलाई मशीन वितरण!!
गौतम बुद्ध नगर, 17 सितंबर 2025।
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के जन्म दिवस के अवसर पर आज “स्वस्थ नारी–सशक्त परिवार अभियान” और आठवें राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का सजीव प्रसारण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दादरी में किया गया, जिसमें प्रभारी मंत्री श्री बृजेश सिंह, विधायक तेजपाल नागर, भाजपा जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा समेत जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
इस दौरान स्वास्थ्य विभाग ने विशेष शिविर का आयोजन किया, जिसमें महिलाओं ने स्वास्थ्य परीक्षण और परामर्श का लाभ लिया। साथ ही विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अंतर्गत पाँच लाभार्थियों को सिलाई मशीनें वितरित की गईं।
माननीय प्रभारी मंत्री ने वर्ल्ड वुशु चैंपियनशिप की सिल्वर मेडल विजेता शिवानी प्रजापति को शॉल, पुष्पगुच्छ और मेडल पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि “स्वस्थ नारी ही सशक्त परिवार की नींव है” और सभी से अपील की कि वे इस अभियान से जुड़कर महिलाओं के स्वास्थ्य और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा दें।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. शिवाकांत द्विवेदी, उप जिलाधिकारी अनुज नेहरा, तहसीलदार ओमप्रकाश पासवान, खंड विकास अधिकारी नेहा सहित स्वास्थ्य विभाग और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।।
