सोमवार, 29 सितंबर 2025

गौतमबुद्धनगर में मिशन शक्ति 5.0 के तहत नुक्कड़ नाटक द्वारा महिला सशक्तिकरण की जागरूकता!!

शेयर करें:


गौतमबुद्धनगर में मिशन शक्ति 5.0 के तहत नुक्कड़ नाटक द्वारा महिला सशक्तिकरण की जागरूकता!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक :: गौतमबुद्धनगर: जिलाधिकारी मेधा रूपम के कुशल नेतृत्व में जिले में मिशन शक्ति 5.0 अभियान के अंतर्गत महिला कल्याण विभाग द्वारा विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में हाल ही में ब्लॉक बिसरख स्थित विनोबा इंटर कॉलेज में छात्राओं ने लैंगिक समानता विषय पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर डिस्ट्रिक्ट मिशन कोऑर्डिनेटर मीनाक्षी, जेंडर स्पेशलिस्ट सुनीता, कॉलेज प्रिंसिपल वीरेंद्र सिंह, वाइस प्रिंसिपल दिनेश तथा सभी अध्यापकगण उपस्थित रहे। छात्राओं की प्रस्तुति ने समाज में महिला-पुरुष समानता का संदेश प्रभावशाली ढंग से लोगों तक पहुँचाया।

जिला प्रशासन के अनुसार, इस नुक्कड़ नाटक का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। आयोजन के दौरान महिलाओं को उनके अधिकारों, कानूनों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई, वहीं बालिकाओं में आत्मविश्वास और आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा भी दी गई।

उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित यह अभियान 22 सितंबर से अगले 30 दिनों तक पूरे प्रदेश में चलाया जा रहा है, जिसमें महिला कल्याण विभाग द्वारा जागरूकता कार्यक्रम, कार्यशालाएँ, गोष्ठियाँ और सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ आयोजित की जा रही हैं। प्रशासन का मानना है कि इस तरह के कार्यक्रम समाज में सकारात्मक सोच और संवेदनशीलता का माहौल तैयार करने में मददगार हैं।

इस पहल के माध्यम से न केवल जागरूकता फैलाई जा रही है, बल्कि लोगों को समाज में बदलाव लाने और सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित भी किया जा रहा है।।