सोमवार, 29 सितंबर 2025

🟥 मिशन शक्ति-5.0: ग्लोबल इंटरनेशनल स्कूल में महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण जागरूकता कार्यक्रम!!

शेयर करें:


🟥 मिशन शक्ति-5.0: ग्लोबल इंटरनेशनल स्कूल में महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण जागरूकता कार्यक्रम!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक :: गौतमबुद्धनगर, 29 सितंबर 2025 – पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के तहत “मिशन शक्ति अभियान-5.0” का आयोजन आज ग्लोबल इंटरनेशनल स्कूल, सेक्टर-70 नोएडा में किया गया। पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देश एवं पुलिस उपायुक्त महिला सुरक्षा, श्रीमती प्रीति यादव के पर्यवेक्षण में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं और स्टाफ को महिला सुरक्षा, साइबर सुरक्षा और महिलाओं के लिए उपलब्ध हेल्पलाइन सेवाओं के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम के दौरान मिशन शक्ति टीम ने छात्राओं को थानों पर स्थापित मिशन शक्ति केंद्रों की कार्यप्रणाली और महिला सुरक्षा से संबंधित उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी। महिलाओं और बालिकाओं को साइबर सुरक्षा, डिजिटल व्यवहार और सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने के लिए विशेष मार्गदर्शन प्रदान किया गया। टीम ने सोशल मीडिया पर अपनी निजी जानकारी साझा करने से बचने और खुद को सुरक्षित रखने की सलाह दी।

पुलिस अधिकारियों ने गुड टच-बैड टच, घरेलू हिंसा, और आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस हेल्पलाइन डायल-112, वूमेन पावर लाइन-1090 और चाइल्ड हेल्पलाइन-1098 के उपयोग के बारे में भी जानकारी दी।

कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के तहत प्रतिदिन समस्त थाना क्षेत्रों में महिला बीट पुलिस अधिकारियों द्वारा स्कूल, कॉलेज, बस स्टैंड, कस्बा और गांवों में जाकर महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक किया जा रहा है। इसके साथ ही विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों के पम्पलेट वितरित कर उन्हें सहायता प्राप्त करने के तरीकों से अवगत कराया जा रहा है।।