सुल्तानपुर :
आरएसएस के संगठन एबीजीपी ने घोषित की जिले की टीम।।
दो टूक : आरएसएस के संगठन एबीजीपी की १५ सदस्यीय जिला कार्यकारिणी घोषित,जेपी सिंह जिलाध्यक्ष व संतोष मिश्र सचिव बने।देशी बाजार को बढ़ावा व ऑनलाइन गेमिंग के विरोध में एबीजीपी छेड़ेगा अभियान।
विस्तार :
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के उपभोक्ता हित संवर्द्धन क्षेत्र में सक्रिय आनुषंगिक संगठन अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत (एबीजीपी) ने सुल्तानपुर में एक कदम और आगे बढ़ा दिया है। शनिवार की देर शाम सिविल लाइन स्थित मॉल में प्रांतीय पदाधिकारियों की मौजूदगी में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में स्थानीय जिला कार्यकारिणी को औपचारिक रूप से पुनर्गठन किया गया। प्रांतीय उपाध्यक्ष विक्रम बृजेंद्र सिंह , विस्तारक अनूप की उपस्थिति में प्रांतीय संगठन मंत्री अरविंद कुमार ने पंद्रह सदस्यीय जिला कार्यकारिणी की घोषणा की। अभी तक जिला संयोजक का दायित्व निर्वहन कर रहे दिव्यांग कल्याण विभाग के अवकाशप्राप्त उपनिदेशक जयप्रकाश सिंह को जिलाध्यक्ष व संतोष मिश्र को सचिव चुना गया। संगठन की पंद्रह सदस्यीय कार्यकारिणी में विनय सिंह जिला उपाध्यक्ष, सर्वेश सिंह सहसचिव, सतनाम सिंह बग्गा कोषाध्यक्ष व उनके सहयोग के लिये पवन पोपटानी को सहकोषाध्यक्ष का दायित्व सौंपा गया है। भाजपा की जिला टीम में रह चुके पत्रकार कलीम खान अब एबीजीपी में प्रचार प्रमुख व धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरू एडवोकेट विधि प्रमुख होंगे। इनके अलावा अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत में पर्यावरण व रोजगार सृजन महत्वपूर्ण आयाम हैं। जिसके मद्देनजर रणवीर सिंह राजपूत को पर्यावरण प्रमुख व दिलीप पांडेय को रोजगार सृजन प्रमुख की जिम्मेदारी सौंपी गई है। संगठन में महिला जागरण प्रमुख का पद अभी रिक्त है, जिसका एलान बाद में किया जाएगा। मनीष श्रीवास्तव,विनय सिंह टिल्लू व किरण सोनी को कार्यकारिणी में जगह दी गई है। इसके बाद अपने संबोधन में प्रांतीय संगठन मंत्री अरविंद ने ग्राहक पंचायत के उद्देश्यों व लक्ष्य पर चर्चा की। कहा कि, राष्ट्रहित सर्वोपरि है। इसे ध्यान में रखते हुए हम उपभोक्ता हितों की खातिर देशी बाजार व स्थानीय उत्पादों की खरीद-फरोख्त को बढ़ावा देने के लिये अभियान की तर्ज पर कार्य कर रहे हैं। ऑनलाइन शॉपिंग व ऑनलाइन गेमिंग देश की अर्थव्यवस्था को बड़े पैमाने पर क्षति पहुंच रही है।इसलिये संगठन चुप नहीं बैठेगा। ग्राहक हित में हम जनजागरूकता की स्थानीय स्तर पर व्यापक मुहिम छेड़ेंगे।