नोएडा डीएम मेधा रूपम ने 12 दिन बाद एक्टिव किए X और फेसबुक अकाउंट!!
नोएडा। गौतमबुद्धनगर की जिलाधिकारी मेधा रूपम ने करीब 12 दिन बाद अपना सोशल मीडिया अकाउंट फिर से सक्रिय कर दिया है। डीएम ने ट्रोलिंग और निजी हमलों के चलते अपने X (पूर्व ट्विटर) और फेसबुक अकाउंट को अस्थायी रूप से डीएक्टिवेट कर दिया था।
दरअसल, कुछ दिन पहले बिहार चुनाव को लेकर सोशल मीडिया पर मेधा रूपम को जमकर ट्रोल किया गया था। उन पर ‘वोट चोरी’ के आरोप लगाए गए और उनकी निजी तस्वीरें व पारिवारिक फोटो वायरल कर दिए गए थे। इस विवाद के बाद उन्होंने अपने दोनों प्रमुख अकाउंट्स को बंद कर दिया था।
मेधा रूपम, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की बेटी हैं। बिहार चुनाव के दौरान फैली अफवाहों और आरोपों के बीच उनके खिलाफ सोशल मीडिया पर गलत नैरेटिव चलाया गया। ट्रोलिंग की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि उन्होंने कुछ समय के लिए सोशल मीडिया से दूरी बना ली।
अब 12 दिन बाद डीएम ने अपने अकाउंट्स को फिर से सक्रिय करते हुए सामान्य तरीके से कामकाज शुरू कर दिया है। माना जा रहा है कि उन्होंने यह कदम जनता और प्रशासन के बीच संवाद बनाए रखने के लिए उठाया है।
सूत्रों के अनुसार, जिलाधिकारी ने फिलहाल सोशल मीडिया पर केवल प्रशासनिक गतिविधियों और जनसंपर्क से जुड़े अपडेट साझा करने का निर्णय लिया है।