शनिवार, 30 अगस्त 2025

राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने हेतु तैयारी बैठक!!

शेयर करें:


राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने हेतु तैयारी बैठक!!

देव गुर्जर

दो टूक:: गौतमबुद्धनगर, 29 अगस्त 2025 – आगामी 13 सितंबर को जनपद मुख्यालय, दीवानी न्यायालय एवं तहसील न्यायालयों में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इसमें मोटर दुर्घटना प्रतिकर, वैवाहिक, दीवानी, भू-राजस्व, विद्युत, बैंक ऋण, पेंशन, सेवा संबंधी मामले, ई-चालान समेत विभिन्न वादों का निस्तारण आपसी सहमति और समझौते के आधार पर किया जाएगा।


राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर माननीय जिला जज मलखान सिंह ने जजी सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को सुलभ और शीघ्र न्याय दिलाने के उद्देश्य से यह महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। सभी विभागीय अधिकारी अपने-अपने लंबित वादों का चिन्हीकरण कर अधिक से अधिक मामलों का निस्तारण सुनिश्चित करें।


जिला जज ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि 12 सितंबर तक प्री-लिटीगेशन मामलों का निस्तारण कर इसकी सूचना नोडल अधिकारी को उपलब्ध कराएं, ताकि इन्हें राष्ट्रीय लोक अदालत के आंकड़ों में शामिल किया जा सके। साथ ही, सभी विभागों से लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर देने को कहा गया, ताकि अधिक से अधिक वादकारी इस अवसर का लाभ उठा सकें।


बैठक में अभिषेक पांडेय (अपर जिला जज/नोडल अधिकारी राष्ट्रीय लोक अदालत), चंद्र मोहन श्रीवास्तव (अपर जिला जज/सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण), मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नरेंद्र कुमार, जिला विकास अधिकारी शिव प्रताप परमेश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।।