नोएडा में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने किया भारत के पहले टेम्पर्ड ग्लास विनिर्माण संयंत्र का उद्घाटन!!
देव गुर्जर!!
दो टूक:: नोएडा!! देश में आत्मनिर्भरता और मेक इन इंडिया अभियान को नई गति देने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया गया है। केंद्रीय रेल एवं संचार मंत्री अश्विनी वैष्णव शनिवार को नोएडा पहुंचे, जहां उन्होंने सेक्टर-68 के ए-25 स्थित भारत के पहले टेम्पर्ड ग्लास विनिर्माण संयंत्र का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर रेल मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मेक इन इंडिया अभियान की वजह से बीते 11 वर्षों में इलेक्ट्रॉनिक विनिर्माण क्षेत्र ने अभूतपूर्व प्रगति की है। उन्होंने बताया कि इस अवधि में इलेक्ट्रॉनिक उत्पादन 6 गुना और इलेक्ट्रॉनिक निर्यात 8 गुना तक बढ़ चुका है।
अश्विनी वैष्णव ने कहा,
"एक-एक करके सभी उत्पादों का निर्माण भारत में शुरू हो रहा है। पहले जहां हमें कंपोनेंट्स आयात करने पड़ते थे, वहीं अब वे यहीं निर्मित होने लगे हैं। इसी कड़ी में आज देश को टेम्पर्ड ग्लास विनिर्माण संयंत्र की सौगात मिली है।"
अब तक भारत को टेम्पर्ड ग्लास के लिए विदेशी आयात पर निर्भर रहना पड़ता था। लेकिन इस संयंत्र की शुरुआत के बाद हर साल करीब 2.5 करोड़ टेम्पर्ड ग्लास देश में ही निर्मित होंगे। इससे न केवल आयात पर लगाम लगेगी, बल्कि रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे और भारत की वैश्विक प्रतिस्पर्धा क्षमता और मजबूत होगी।
रेल मंत्री ने कहा कि यह संयंत्र इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में भारत को एक नई ऊंचाई पर ले जाएगा और आने वाले वर्षों में देश इस क्षेत्र में ग्लोबल हब बनने की दिशा में आगे बढ़ेगा।।