शनिवार, 30 अगस्त 2025

वैष्णो देवी हादसा: मुजफ्फरनगर के 6 श्रद्धालुओं का पार्थिव शरीर पहुंचा, अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब!!

शेयर करें:


वैष्णो देवी हादसा: मुजफ्फरनगर के 6 श्रद्धालुओं का पार्थिव शरीर पहुंचा, अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब!!

देव गुर्जर!!

दो टूक//मुजफ्फरनगर।
वैष्णो देवी यात्रा के दौरान हुए भीषण हादसे में जान गंवाने वाले मुजफ्फरनगर के छह श्रद्धालुओं का पार्थिव शरीर शनिवार को जिले में पहुंचा। इन श्रद्धालुओं में दो मासूम बच्चे भी शामिल थे। शवों के पहुंचते ही पूरे क्षेत्र में मातम पसर गया और गांवों में गमगीन सन्नाटा छा गया। हर कोई अपने परिचितों और परिजनों को खोने का दर्द आंखों से आंसुओं के रूप में बयां कर रहा था।


पार्थिव शरीर जैसे ही गांव पहुंचे, हजारों की संख्या में लोग श्रद्धांजलि देने के लिए उमड़ पड़े। अंतिम यात्रा जनसैलाब में बदल गई। हर कोई नम आंखों से दिवंगत आत्माओं को विदाई देने के लिए मौजूद था। ग्रामीणों से लेकर राजनीतिक और सामाजिक संगठनों के लोग भी बड़ी संख्या में अंतिम संस्कार में शामिल हुए।


अंत्येष्टि में कई दिग्गज नेता भी मौजूद रहे। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत, मुजफ्फरनगर सांसद हरेंद्र मलिक, पूर्व सांसद कादिर राणा, सपा जिलाध्यक्ष जिया चौधरी, सपा नेता राकेश शर्मा और बसपा नेता दारा सिंह प्रजापति मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाया और इस कठिन घड़ी में हर संभव मदद का आश्वासन दिया।


नेताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि इस हादसे ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है। मासूम बच्चों समेत छह जिंदगियों का एक साथ यूं बुझ जाना परिवार ही नहीं, पूरे समाज के लिए असहनीय है।


अंतिम संस्कार के दौरान वातावरण बेहद भावुक रहा। श्मशान घाट पर "राम नाम सत्य है" के गगनभेदी उद्घोष के बीच लोगों ने अपने प्रियजनों को विदाई दी। परिजनों की रुलाई और भीड़ का सन्नाटा वहां उपस्थित हर व्यक्ति को भावुक कर गया।।