सुलतानपुर :
अवधी संस्कृति की गूंज पूरी दुनिया में, साहित्यिक समारोह में आठ विभूतियां सम्मानित।
●डॉ.एमपी सिंह बोले– लोकगीतों में बसती है संवेदना, प्रकृति संरक्षण और ग्राम्य संस्कृति की आत्मा।
दो टूक : अवधी लोकगीतों में संवेदना, प्रकृति संरक्षण और ग्राम्य संस्कृति का अद्भुत दर्शन होता है। अवधी संस्कृति अपनी समृद्ध परंपराओं के चलते पूरी दुनिया में सराही जाती है। इसे संरक्षित करना और नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। यह बातें वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. एमपी सिंह ने कहीं।
वह साहित्य कला संस्कृति संवर्धन न्यास की ओर से रणवीर राजकुमार इंटर कॉलेज, बरवारीपुर में आयोजित साहित्यिक समारोह को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। चार सत्रों में आयोजित इस समारोह में लोक साहित्य एवं संस्कृति पर विचार मंथन, पुस्तकों का विमोचन, कवि गोष्ठी और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली आठ विभूतियों का सम्मान किया गया।
◆लोक साहित्य ही संस्कृति की असली पहचान।।
प्रथम सत्र में लोक साहित्य और संस्कृति विषयक संगोष्ठी में वक्ताओं ने लोक परंपराओं के संरक्षण पर जोर दिया। संत तुलसीदास पीजी कॉलेज के पूर्व हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. ओंकारनाथ द्विवेदी ने कहा कि लोक साहित्य सहज, सरल और शास्त्रीय नियमों से मुक्त होता है। डॉ. आजेंद्र प्रताप सिंह ने लोक संस्कृति को लोक साहित्य से व्यापक बताते हुए इसे संस्कृति का महत्वपूर्ण अंग बताया। डॉ. पराक्रम सिंह ने देश की विभिन्न भाषाओं के लोक साहित्य को समझने की आवश्यकता जताई। अध्यक्षता कर रहे डॉ. धर्मपाल सिंह ने कहा कि लोक परंपरा, लोक भाषा और लोक साहित्य तभी सुरक्षित रहेंगे, जब इन्हें अपने जीवन का हिस्सा बनाया जाएगा।
●दो पुस्तकों का हुआ विमोचन।
द्वितीय सत्र में डॉ. राम प्यारे प्रजापति की आत्मकथा 'पैंसठ सीढ़ियां' और रवीन्द्र नाथ श्रीवास्तव विमल के महाकाव्य 'रानी जयराज कुंवरि' का विमोचन किया गया। पुस्तकों पर दिनेश प्रताप सिंह चित्रेश और सुरेश चन्द्र शर्मा ने विचार व्यक्त किए।
●आठ विभूतियों को मिला साहित्य एवं सेवा रत्न सम्मान।
तृतीय सत्र में साहित्य, शिक्षा, चिकित्सा और पत्रकारिता समेत विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली आठ विभूतियों को अंगवस्त्र, सम्मान पत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। इनमें छविलाल पाल को लोक साहित्य रत्न, इन्द्रेश भदौरिया को अवधी साहित्य रत्न, डॉ. आजेंद्र प्रताप सिंह को गद्य साहित्य रत्न, अनिल कुमार वर्मा मधुर को काव्य साहित्य रत्न, श्याम पलट पाण्डेय को बाल साहित्य रत्न, वंदना यादव को शिक्षा रत्न, डॉ. मंगला प्रसाद श्रीवास्तव को चिकित्सा रत्न तथा घनश्याम मिश्र को पत्रकारिता रत्न सम्मान प्रदान किया गया।
कवियों ने रचनाओं से बांधा समां
चतुर्थ सत्र में वरिष्ठ साहित्यकार मथुरा प्रसाद सिंह जटायु की अध्यक्षता में कवि गोष्ठी हुई। हरिनाथ शुक्ल हरि ने संचालन और ब्रजेश कुमार पाण्डेय इन्दु ने वाणी वंदना की। राजेन्द्र प्रसाद गड़बड़, राज बहादुर राना, सर्वेशकांत वर्मा, सारिका सिंह और सत्येन्द्र सजल सहित अन्य कवियों ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया।
न्यास के सचिव पवन कुमार सिंह ने स्वागत, अवनीश त्रिपाठी ने संचालन तथा ज्ञानेन्द्र विक्रम सिंह रवि ने आभार व्यक्त किया। समारोह में न्यास अध्यक्ष डॉ. आद्या प्रसाद सिंह प्रदीप, डॉ. एमपी सिंह विसेन, सुभाष चन्द्र यादव परदेसी, इन्द्रजीत सिंह अर्चक, अवनीश पाण्डेय, गुलाब सिंह और दिनेश मिश्र सहित बड़ी संख्या में साहित्यकार एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कोई टिप्पणी नहीं:
टिप्पणी लिखें (Comment)