लखनऊ :
PGI क्षेत्र में सरकारी ठेकों के नाम पर दस करोड़ों की धोखाधड़ी का मामला।
●कारोबारी की तहरीर पर पुलिस ने दर्ज की एफआईआर।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ में सरकारी टेंडर और आपदा राहत सामग्री की आपूर्ति के नाम पर करोड़ों रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीजीआई थाना क्षेत्र में वर्कस्ट्रीम ट्रेडर्स प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक अरीब सिद्दीकी की शिकायत पर अतल एंटरप्राइजेज के प्रोपराइटर संदीप त्रिपाठी के खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचना, जाली दस्तावेजों के इस्तेमाल और आपराधिक धमकी समेत गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है।
विस्तार :
जानकारी के अनुसार वर्कस्ट्रीम ट्रेडर्स प्राइवेट लिमिटेड लालबाग लखनऊ के निदेशक अरीब सिद्दीकी ने DCP साउथ के जनसुनवाई के दौरान प्रार्थना पत्र एवं साक्ष्यों के साथ शिकायत किया।शिकायतकर्ता का आरोप है कि संदीप त्रिपाठी प्रोपराइटर अटल एंटरप्राइजेज एल्डिको उद्यान टू रायबरेली रोड़ पीजीआई लखनऊ ने खुद को सरकारी निविदाओं का अनुभवी ठेकेदार बताकर उनसे व्यावसायिक संबंध स्थापित किए। वर्ष 2025 में आपदा राहत योजना के तहत न्यूजीलैंड वूलन कंबलों की खरीद और आपूर्ति से जुड़े सरकारी कार्यों का हवाला देकर तत्काल आर्थिक सहायता मांगी। आरोपी ने निवेश की गई रकम के साथ लाभांश लौटाने और सरकारी भुगतान मिलने पर पूरी धनराशि चुकाने का भरोसा दिया।
अरीब सिद्दीकी का आरोप है कि आरोपी ने अपनी विश्वसनीयता स्थापित करने के लिए कथित हैसियत प्रमाण पत्र, चरित्र प्रमाण पत्र और बैंक सॉल्वेंसी जैसे दस्तावेज भी दिखाए। इन पर भरोसा करके शिकायतकर्ता ने अलग-अलग माध्यमों से बड़ी धनराशि का भुगतान किया। वर्कस्ट्रीम ट्रेडर्स प्राइवेट लिमिटेड के माध्यम से 4.20 करोड़ रुपये, आरए इन्फ्रावेंचर्स के माध्यम से 2.50 करोड़ रुपये, खरीद संबंधी मद में 84 लाख रुपये तथा आरओ वाटर टैंक और वाटर कूलर के लिए 1.05 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि का उल्लेख है।
●करोड़ की देनदारी स्वीकारने का दावा।
शिकायतकर्ता के मुताबिक 26 मार्च 2026 को हुए सेटलमेंट एग्रीमेंट में आरोपी ने कुल 9 करोड़ 92 लाख 67 हजार 300 रुपये की देनदारी स्वीकार की थी। इसके भुगतान के लिए एचडीएफसी बैंक खाते से तीन पोस्ट डेटेड चेक भी दिए गए, लेकिन बैंक में प्रस्तुत करने पर तीनों चेक अनादरित होकर वापस हो गए।
●धनराशि वापस मांगने पर धमकाने का आरोप।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि बकाया रकम मांगने पर आरोपी लगातार भुगतान का आश्वासन देकर समय टालता रहा। इतना ही नहीं, शिकायतकर्ता और उनके कर्मचारियों को कार्यालय पहुंचने पर डराने-धमकाने का आरोप समेत आरोपी द्वारा प्रस्तुत दस्तावेजों की सत्यता की जांच, बैंक खातों के लेनदेन, आरटीजीएस भुगतान, व्हाट्सएप चैट और अन्य साक्ष्यों की जांच कराने की मांग की है।
●थाना पीजीआई इस्पेक्टर सुनील कुमार सिंह ने बताया कि कारोबारी अरीब सिद्दीकी की मिली तहरीर के अनुसार 28 नवंबर 2026 को 316(5), 336(3), 337, 340(2) और 351(3) धाराओं मे मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।।
कोई टिप्पणी नहीं:
टिप्पणी लिखें (Comment)