गौतमबुद्धनगर: विशेष लोक अदालत में 8,919 वाहन चालानों का निस्तारण, 28.87 लाख रुपये जुर्माना वसूला!!
जनपद न्यायाधीश अतुल श्रीवास्तव के निर्देशन में आयोजित हुई विशेष लोक अदालत, वाहन स्वामियों को मिली बड़ी राहत
दो टूक//नोएडा। गौतमबुद्धनगर में मोटर वाहन चालानों के त्वरित एवं सुलभ निस्तारण के लिए शनिवार, 28 नवंबर 2026 को दीवानी न्यायालय परिसर में विशेष लोक अदालत का आयोजन किया गया। माननीय जनपद न्यायाधीश अतुल श्रीवास्तव की अध्यक्षता एवं दिशा-निर्देशन में आयोजित इस विशेष लोक अदालत में कुल 8,919 मोटर वाहन चालानों का निस्तारण किया गया। इस दौरान वाहन स्वामियों से जुर्माने के रूप में कुल 28 लाख 87 हजार 795 रुपये की धनराशि ऑनलाइन जमा कराई गई।
उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशों के अनुपालन में आयोजित इस विशेष लोक अदालत का उद्देश्य वाहन स्वामियों को उनके लंबित चालानों के निस्तारण के लिए सरल, सुलभ और सुविधाजनक व्यवस्था उपलब्ध कराना था। सुबह 10 बजे से शुरू हुई इस विशेष लोक अदालत में बड़ी संख्या में वाहन स्वामी अपने लंबित चालानों के निस्तारण के लिए पहुंचे।
चालानों के त्वरित निस्तारण के लिए इलाहाबाद उच्च न्यायालय द्वारा संचालित 'पेमेंट सेतु ऐप' के माध्यम से चालानों का पंजीकरण कराया गया। इसके साथ ही वादकारियों को ऑनलाइन माध्यम से जुर्माने की धनराशि जमा करने की सुविधा प्रदान की गई, जिससे निस्तारण की प्रक्रिया को पारदर्शी और सुगम बनाया जा सके।
31 न्यायालय कक्षों में की गई विशेष व्यवस्था
विशेष लोक अदालत में वाहन चालानों के निस्तारण के लिए कुल 31 न्यायालय कक्ष आरक्षित किए गए थे। इसके अतिरिक्त एक फाइलिंग काउंटर और एक ई-सेवा केंद्र की भी व्यवस्था की गई। आमजन की भीड़ को देखते हुए 28 न्यायालय कक्षों में 70 से अधिक काउंटर एवं बूथ बनाए गए, ताकि वाहन स्वामियों को अपने चालानों के निस्तारण में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
विशेष लोक अदालत में अधिवक्ताओं की सुविधा के लिए तीन न्यायालय कक्ष अलग से आरक्षित किए गए, जबकि वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक और महिलाओं के लिए एक विशेष कक्ष की व्यवस्था की गई। इस व्यवस्था का उद्देश्य सभी वर्गों के लोगों को प्राथमिकता के आधार पर सुविधाजनक तरीके से न्यायिक प्रक्रिया का लाभ उपलब्ध कराना था।
न्यायिक अधिकारियों ने व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण
ऑनलाइन चालान निस्तारण की प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित कराने और तकनीकी बाधाओं को दूर रखने के लिए जनपद न्यायाधीश अतुल श्रीवास्तव सहित अन्य न्यायिक अधिकारियों ने विभिन्न न्यायालय कक्षों में बनाए गए बूथों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए यह सुनिश्चित किया कि वाहन स्वामियों को चालान निस्तारण के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इस अवसर पर प्रथम अपर जिला जज सुनील कुमार, अपर जिला जज द्वितीय एवं विशेष लोक अदालत की नोडल अधिकारी सोमप्रभा मिश्रा, अपर जिला जज एवं प्रभारी कंप्यूटर विभाग संदीप चौधरी, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट हरिकेष पाण्डेय, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव शिवानी रावत सहित अन्य न्यायिक अधिकारी मौजूद रहे।
विशेष लोक अदालत के सफल आयोजन के परिणामस्वरूप एक ही दिन में 8,919 मोटर वाहन चालानों का निस्तारण हुआ और 28,87,795 रुपये का जुर्माना ऑनलाइन जमा कराया गया। इस पहल से बड़ी संख्या में वाहन स्वामियों को अपने लंबित चालानों का निस्तारण कराने का अवसर मिला।
कोई टिप्पणी नहीं:
टिप्पणी लिखें (Comment)