सोमवार, 9 नवंबर 2026

मऊ : सड़क हादसे में नवविवाहिता की दर्दनाक मौत,पति की हालत गंभीर।||Mau: A newlywed woman tragically died in a road accident, her husband is in critical condition.||

शेयर करें:
मऊ  : 
सड़क हादसे में नवविवाहिता की दर्दनाक मौत,पति की हालत गंभीर।।
दो टूक : मऊ जनपद के दीपावली की रात एक परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। घोसी कोतवाली क्षेत्र के बड़ागांव उत्तरी स्थित राजभर बस्ती में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 22 वर्षीय नवविवाहिता रोशनी की जान चली गई, जबकि उनके पति देवराज गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे ने न केवल परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया, बल्कि आठ माह की मासूम बच्ची को मां की ममता से भी हमेशा के लिए महरूम कर दिया।
विस्तार :
मिली जानकारी के अनुसार, दीपावली की रात रोशनी अपने पति देवराज के साथ बाइक से पटाखे खरीदने गई थीं। खरीदारी के बाद दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान रात करीब 8:30 बजे उनकी बाइक अनियंत्रित होकर बिजली के पोल और लकड़ी से टकरा गई। टक्कर के बाद बाइक सड़क पर पलट गई, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) घोसी पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने रोशनी को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल देवराज की हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
बताया जाता है कि रोशनी की शादी करीब दो वर्ष पूर्व हुई थी और उनकी आठ माह की एक मासूम बेटी है। जिस घर में दीपावली पर दीप जलने थे, वहां अब मातम पसरा है। मां की असमय मौत से मासूम बच्ची के सिर से ममता का आंचल उठ गया। त्योहार की खुशियां देखते ही देखते परिवार के लिए जिंदगी भर का दर्द बन गईं।
इस हृदयविदारक घटना से बड़ागांव उत्तरी सहित आसपास के इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। हर कोई मासूम बच्ची के भविष्य और परिवार की इस असहनीय पीड़ा को लेकर दुखी नजर आया।