गौतमबुद्धनगर: रालोद ने नोएडा में फूंका संगठन विस्तार का बिगुल, ठाकुर महीपाल सिंह को मिली महानगर अध्यक्ष की कमान!!
क्षेत्रीय अध्यक्ष तरस पाल मलिक ने नियुक्ति पत्र सौंपकर जताया भरोसा, 2027 विधानसभा चुनाव से पहले संगठन को मजबूत करने और नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने पर रहेगा जोर
दो टूक//नोएडा। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) ने आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को गति देने और नोएडा महानगर में संगठन को मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। पार्टी नेतृत्व ने संगठन का विस्तार करते हुए ठाकुर महीपाल सिंह को राष्ट्रीय लोकदल का नोएडा महानगर अध्यक्ष नियुक्त किया है। सोमवार को सेक्टर-29 स्थित नोएडा मीडिया क्लब में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान रालोद के क्षेत्रीय अध्यक्ष तरस पाल मलिक ने उन्हें नियुक्ति पत्र सौंपकर नई जिम्मेदारी की घोषणा की।
इस अवसर पर क्षेत्रीय अध्यक्ष तरस पाल मलिक ने नवनियुक्त महानगर अध्यक्ष को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि ठाकुर महीपाल सिंह सभी धर्मों, वर्गों और समाज के लोगों को साथ लेकर चलेंगे तथा नोएडा महानगर में पार्टी के संगठन को नई मजबूती प्रदान करेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी का उद्देश्य संगठन का व्यापक विस्तार करना और अधिक से अधिक लोगों को राष्ट्रीय लोकदल की विचारधारा एवं नीतियों से जोड़ना है।
उन्होंने कहा कि आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को देखते हुए पार्टी संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है। नई कार्यकारिणी के गठन के साथ संगठनात्मक गतिविधियों को तेज किया जाएगा। पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता आपसी समन्वय एवं सामूहिक प्रयासों से संगठन को आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी कार्यकर्ता पूरी सक्रियता, निष्ठा और समर्पण के साथ पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का काम करेंगे।
जिम्मेदारी मिलने पर महीपाल सिंह ने जताया आभार
नवनियुक्त नोएडा महानगर अध्यक्ष ठाकुर महीपाल सिंह ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व एवं क्षेत्रीय अध्यक्ष तरस पाल मलिक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी ने उन पर जो भरोसा जताया है, उस पर वह पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि सभी वर्गों के लोगों को साथ लेकर चलना, नए कार्यकर्ताओं को संगठन से जोड़ना और महानगर में राष्ट्रीय लोकदल की संगठनात्मक ताकत को बढ़ाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। संगठन के प्रत्येक पदाधिकारी और कार्यकर्ता के सहयोग से पार्टी को मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य किया जाएगा।
प्रेसवार्ता में ये रहे मौजूद
इस दौरान जिला अध्यक्ष जनार्दन भाटी, पूर्व एमएलसी महेश आर्य, मेरठ मंडल अध्यक्ष एडवोकेट इंद्रवीर भाटी, अजीत सिंह दौला, मनोज चौधरी, श्रीमती अनिता चौधरी, बिजेंद्र यादव, मनवीर भाटी, हरवीर सिंह तालान, ठाकुर करण सिंह, निशांत भाटी, गौरव आजाद सहित राष्ट्रीय लोकदल के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
रालोद के इस संगठनात्मक विस्तार को नोएडा महानगर में पार्टी की सक्रियता बढ़ाने और आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।।
वीडियो --