लखनऊ :
तेलीबाग हनुमान मंदिर के पास कूड़े का अंबार,दुर्गंध से श्रद्धालु और राहगीर बेहाल।।
।।डी एस शास्त्री।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के तेलीबाग बाजार स्थित बरदानी हनुमान मंदिर के पास सड़क किनारे लगे कूड़े के ढेर ने नगर निगम की सफाई व्यवस्था की पोल खोल दी है। गंदगी से उठती दुर्गंध के चलते मंदिर में दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं, बाजारवासियों और राहगीरों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। वही कूड़े के बीच बदहाल पड़ी विधायक निधि से बैठने के लिए बनी बेंच बदहाल पड़ी हुई है नगर निगम के पार्षद और सफाई कर्मि सुधि लेने वाले नही है।
विस्तार :
सरोजनीनगर के तेलीबाग बाजार के बीचोंबीच स्थित बरदानी हनुमान मंदिर के पास फुटपाथ पर लोगों के बैठने के लिए लगाई गई कुर्सियों और बेंच के चारों ओर कूड़े का अंबार लगा है। हालात यह हैं कि गंदगी और बदबू के कारण लोग वहां बैठने से भी कतराते हैं। वहीं पास में लगे पेयजल पाइप से बहता पानी कूड़े के साथ मिलकर आसपास की स्थिति और बदतर कर रहा है। स्थानीय लोगों को मच्छरों और संक्रामक बीमारियों के फैलने का डर सता रहा है।
विडंबना देखिए, सरोजनीनगर विधायक निधि से राहगीरों की सुविधा के लिए बनवाई गई सीमेंट की बेंच भी कूड़े और कीचड़ के बीच बदहाली की मार झेल रही है। जिस स्थान पर लोगों को बैठकर सुकून मिलना चाहिए, वहां गंदगी के चलते लोग ठहरना तक मुनासिब नहीं समझते।
यह इलाका नगर निगम के खरिका वार्ड द्वितीय के अंतर्गत आता है। मंदिर जैसे आस्था के प्रमुख स्थल के आसपास सफाई का यह हाल नगर निगम के स्वच्छ भारत अभियान और साफ-सफाई के दावों पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
अब सवाल यह है कि क्या जिम्मेदार अधिकारी दीपावली और छठ जैसे पर्वों पर भी इस गंदगी को नजरअंदाज करेंगे या फिर श्रद्धालुओं की आस्था और जनस्वास्थ्य का ख्याल रखते हुए सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराएंगे?
