लखनऊ :
मंदिर का ताला खोलकर दो लाख के सोने-चांदी के जेवर चोरी।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के थाना सरोजनीनगर क्षेत्र के हीरालाल नगर स्थित शिव मंदिर में घुसे अज्ञात चोरों ने पुजारी के कमरे का ताला खोलकर करीब दो लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर और नकदी पार कर दी। चोर मंदिर परिसर से लकड़ी का संदूक भी उठा ले गए। चोरी हुए जेवर पुजारी ने अपनी बेटी की शादी के लिए पांच साल से इकट्ठा कर रखे थे।
विस्तार :
जानकारी के अनुसार हीरालाल नगर निवासी कमलेश पांडेय शिव मंदिर में पूजा-पाठ कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनके छोटे भाई शत्रुघ्न पांडेय और मां कृष्णा देवी भी मंदिर परिसर में रहते हैं। परिवार में एक सदस्य की मृत्यु होने के कारण मां गांव चली गई थीं, जबकि कमलेश भी 21 नवंबर को दसवीं और तेरहवीं के कार्यक्रम में शामिल होने पैतृक गांव बुलाकीपुर, प्रतापगढ़ चले गए थे।
इस दौरान उनका भाई मंदिर में अकेला था। 23 और 24 नवंबर की दरमियानी रात करीब 12:30 बजे वह मंदिर की साफ-सफाई करने के बाद सो गया। इसी बीच अज्ञात चोर उसके सिरहाने रखी कमरे की चाबी निकालकर ताला खोल अंदर घुस गए। चोर लकड़ी के संदूक में रखी सोने की तीन अंगूठियां, पाजेब, पायल, चांदी के सिक्के और नकदी लेकर फरार हो गए। चोरी गए सामान की कीमत करीब दो लाख रुपये बताई गई है।
कमलेश के अनुसार, यह सामान पिछले पांच वर्षों से दान में मिले जेवरों और अन्य वस्तुओं से इकट्ठा किया गया था, जिसे उन्होंने बेटी की शादी के लिए सुरक्षित रखा था। पड़ोसी ओमप्रकाश शर्मा ने 25 नवंबर को पुलिस को घटना की सूचना दी। पीड़ित की तहरीर पर 26 नवंबर को सरोजनीनगर थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया।
कोई टिप्पणी नहीं:
टिप्पणी लिखें (Comment)