लखनऊ :
साइबर ठगों ने खाते से उड़ाए 2.96 लाख रुपये,केस दर्ज।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र में साइबर जालसाजों ने एक व्यक्ति को निशाना बनाकर उसके दो क्रेडिट कार्ड और एक बैंक खाते से करीब 2 लाख 96 हजार 500 रुपये पार कर दिए। 22 नवंबर की रात 11:21 बजे अलग-अलग ट्रांजैक्शन के जरिए हुई इस धोखाधड़ी की जानकारी मिलते ही पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद साइबर सेल हजरतगंज में भी शिकायत की गई। पीड़ित की तहरीर पर सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस ने अज्ञात साइबर अपराधियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विस्तार :
सुशांत गोल्फ सिटी के सेक्टर एफ-1 निवासी आनंद कुमार सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 22 नवंबर 2026 की रात उनके दो क्रेडिट कार्ड और एक बैंक खाते से कई बार में कुल 2,96,500 रुपये की अवैध निकासी कर ली गई। साइबर ठगी का पता चलते ही उन्होंने तत्काल भारत सरकार की हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क कर तीन शिकायतें दर्ज कराईं।
पीड़ित के मुताबिक, 23 नवंबर को साइबर सेल हजरतगंज में भी शिकायत दर्ज कराई गई, जिसका सीसीएन नंबर 4686/2026 है। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि धोखाधड़ी से जुड़े जरूरी साक्ष्य और ट्रांजैक्शन की जानकारी उनके पास मौजूद है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर साइबर ठगी के मामले की जांच शुरू कर दी है।
कोई टिप्पणी नहीं:
टिप्पणी लिखें (Comment)