गोण्डा :
बरातियों कार हुई दुर्घटना ग्रस्त एक की मौत,पांच हालत गंभीर।
बारात से लौट रहे छह लोग हादसे के शिकार।।
।।संवाददाता – वीरेन्द्र कुमार।।
दो टूक : गोंडा जनपद के करनैलगंज-हुजूरपुर मार्ग पर बुधवार देर रात तेज रफ्तार बलेनो कार अनियंत्रित होकर पुलिया से टकरा गई। भीषण टक्कर में कार सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी लोग बारात में जयमाल कार्यक्रम में शामिल होकर घर लौट रहे थे। हादसे की खबर पहुंचते ही शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।
विस्तार :
जानकारी के अनुसार, बहराइच जिले के कानूनगो दक्षिणी से बरगदी कोट में बारात आई थी। बुधवार देर रात जयमाल कार्यक्रम संपन्न होने के बाद छह लोग बलेनो कार से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान करनैलगंज-हुजूरपुर मार्ग पर बैकुंठनाथ महाविद्यालय के पास सोनवार मोड़ से आगे कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी पुलिया से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार सवार सभी छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करनैलगंज पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने शिव शंकर पाण्डेय (45) को मृत घोषित कर दिया। वहीं अर्जुन पाण्डेय, अभिनव पाण्डेय, शुभम पाण्डेय, सोमनाथ पाण्डेय और कृष्णा पाण्डेय की हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल गोंडा रेफर कर दिया गया।
हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। जिस परिवार में कुछ देर पहले शादी की खुशियां गूंज रही थीं, वहां एक की मौत और पांच लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की खबर से मातम पसर गया। घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
कोई टिप्पणी नहीं:
टिप्पणी लिखें (Comment)