सोमवार, 9 नवंबर 2026

लखनऊ : वीडियो बना कर स्कॉर्पियो चालक ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान,पुलिस महकमे मे हड़कंप।।|Lucknow:After making a video, a Scorpio driver committed suicide by jumping in front of a train, causing panic in the police department.||

शेयर करें:
लखनऊ :  
वीडियो बना कर स्कॉर्पियो चालक ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान,पुलिस महकमे मे हड़कंप।।
●झूठे मामले में फंसाने एवं एनकाउंटर की धमकी देने का पुलिस पर लगाया आरोप। 
दो टूक : राजधानी लखनऊ के थाना ठाकुरगंज क्षेत्र में दीपावली की शाम एक स्कॉर्पियो चालक ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दिया। आत्मघाती कदम उठाने से पहले 38 वर्षीय मनीष देशराज उर्फ छोटू ने छह वीडियो बनाए। इन वीडियो में उसने परिवार से माफी मांगने के साथ ही दो महिलाओं पर झूठे आरोप लगाकर फंसाने और पुलिस पर प्रताड़ित करने का गंभीर आरोप लगाया। मृतक ने दावा किया कि पुलिस हिरासत के दौरान उस पर चोरी का जुर्म कबूल करने का दबाव बनाया गया और एनकाउंटर की धमकी दी गई।
विस्तार : 
यह है पूरा मामला - ठाकुरगंज थाना क्षेत्र के लालबाग निवासी मनीष देशराज ट्रैवल व्यवसाय में स्कॉर्पियो चलाते थे। परिवार में पत्नी पिंकी और दो बच्चे हैं। भाई गुड्डू के मुताबिक, मनीष पिछले करीब दो वर्षों से आर्केस्ट्रा में काम करने वाली नेहा और सपना नाम की महिलाओं को गाड़ी से लाने-ले जाने का काम करते थे।
परिजनों का आरोप है कि दो दिन पहले दोनों महिलाओं ने मनीष पर 12 लाख रुपये चोरी करने और अश्लीलता के आरोप लगाए थे। इसके बाद पुलिस उन्हें पूछताछ के लिए भुंवर चौकी ले गई और वहां से पारा की मोहान रोड चौकी ले जाया गया। भाई का आरोप है कि चौकी में पुलिसकर्मियों ने मनीष को एनकाउंटर और गोली मारने की धमकी दी। इस घटना के बाद से वह काफी डरे और परेशान थे।
दीपावली के दिन रविवार दोपहर करीब एक बजे मनीष घर से निकले थे। शाम करीब पांच बजे उन्होंने पत्नी को वीडियो भेजे। इनमें उन्होंने अपनी परेशानी बयां करते हुए पुलिस पर गाली-गलौज, धमकी और मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए। उन्होंने मोबाइल की डिक्की में वीडियो सुरक्षित रखने की बात भी कही।
◆वीडियो में बयां किया दर्द, पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप।
मृतक मनीष ने वीडियो में कहा कि जब उन्होंने कोई अपराध किया ही नहीं तो चोरी का जुर्म क्यों कबूल करें। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस उन पर अपराध स्वीकार करने और पैसे देने का दबाव बना रही थी। एक दरोगा पर गंदी-गंदी गालियां देने और गोली मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि परिवार के सदस्यों को फोन पर धमकियां मिल रही थीं और लगातार मानसिक दबाव बनाया जा रहा था।
एक अन्य वीडियो में मनीष ने गोलू नाम के व्यक्ति के लापता होने के मामले में भी खुद को बेवजह फंसाए जाने का दावा किया। उनके मुताबिक, गोलू और नेहा के बीच विवाद के बाद उन्होंने दोनों को समझाने की कोशिश की थी। बाद में गोलू के लापता होने पर नेहा को पुलिस में शिकायत करने की सलाह दी थी। इसके बावजूद पुलिस उन पर आरोप लगा रही थी।
●परिवार से मांगी माफी, बच्चों के नाम छोड़ा संदेश।
मौत से पहले बनाए वीडियो में मनीष ने अपनी मां, पत्नी, बच्चों, पांचों भाइयों और बहनों से माफी मांगी। उन्होंने कहा कि उनकी परेशानी के लिए परिवार का कोई सदस्य जिम्मेदार नहीं है। उन्होंने अपनी बेबसी और सामाजिक प्रतिष्ठा को लेकर टूटने की बात भी कही।
उधर, मनीष के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। तलाश के दौरान उनकी गाड़ी लालबाग पुल के नीचे खड़ी मिली। बाद में परिवार को मनीष की मौत की जानकारी मिली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
●भाई ने दो महिलाओं पर लगाया मानसिक प्रताड़ना का आरोप।
मृतक के भाई छेदीलाल ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि नेहा और सपना ने मनीष को अपने प्रभाव में ले रखा था। दोनों महिलाओं के किराये के मकान में मनीष के रहने की भी बात कही गई है। भाई का आरोप है कि दोनों महिलाएं काफी समय से मनीष को मानसिक रूप से परेशान कर रही थीं।
फिलहाल मामले में मृतक के वीडियो और परिजनों की शिकायत में लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच जरूरी है। पुलिस की भूमिका, कथित धमकियों और प्रताड़ना के आरोपों की सच्चाई जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
◆मामले में DCP बेस्ट जितेन्द्र कुमार श्रीवास्तव की बाईट -