लखनऊ :
लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर मौत का तांडव, खाई में पलटी ओवरलोडेड बस, 3 की मौत, 45 घायल।।
◆41 सीटर बस में बच्चों समेत 65 यात्री सवार, 35 मिनट तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन में फंसे यात्रियों को निकाला गया,7 ट्रॉमा सेंटर रेफर।
दो टूक : राजधानी लखनऊ में सोमवार सुबह लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे के जीरो प्वाइंट पर भीषण सड़क हादसे से चीख-पुकार मच गई। थाना पारा क्षेत्र में यात्रियों से खचाखच भरी एक बस अनियंत्रित होकर पुल से नीचे गहरी खाई में पलट गई। दर्दनाक हादसे में तीन यात्रियों की मौत हो गई, जबकि करीब 45 यात्री घायल हो गए। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
●विस्तार :
पुलिस के मुताबिक सोमवार 9 नवंबर 2026 की सुबह करीब 7:15 बजे हादसे की सूचना मिली। बस संख्या BR-28P-4332 राजस्थान के बेवड़ क्षेत्र से यात्रियों को लेकर बिहार के छपरा जा रही थी। बताया जा रहा है कि 41 सीटों वाली बस में बच्चों समेत करीब 65 यात्री सवार थे। जीरो प्वाइंट पर पहुंचते ही बस अनियंत्रित होकर नीचे खाई में पलट गई। हादसे के बाद बस में फंसे यात्रियों, मासूम बच्चों और घायलों की चीख-पुकार से इलाका दहल उठा।
सूचना मिलते ही पारा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। हादसे की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और अग्निशमन विभाग को भी बुलाया गया। करीब 35 मिनट तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन में विशेष उपकरणों की मदद से बस में बुरी तरह फंसे दूधमुंहे बच्चे समेत 16 यात्रियों को बाहर निकाला गया। सभी घायलों को एंबुलेंस से ट्रॉमा सेंटर और लोकबंधु अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें सात गंभीर घायलों को केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया।
पुलिस के अनुसार हादसे में शंकर रज्जक (63) और शामली राय (43), निवासी छपरा, बिहार की पहचान हुई है। तीसरे मृतक की उम्र करीब 35 वर्ष बताई गई है, जिसकी पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।
हादसे के बाद बस को खाई से बाहर निकलवा लिया गया। यात्रियों के सामान को सुरक्षित थाना पारा में रखवाया गया है। पुलिस और संबंधित एजेंसियों ने राहत एवं बचाव कार्य पूरा कर लिया है। फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। यातायात माह के महीने में बस में क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाए जाने की बात सामने आने के बाद ओवरलोडिंग और सुरक्षा मानकों को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
◆DCP बेस्ट जितेन्द्र कुमार श्रीवास्तव की बाइट - --
