सोमवार, 9 नवंबर 2026

लखनऊ : शराब के नशे में भाई बना भाई का कातिल,शव कुएं में फेंक हुआ फरार।।Lucknow:  Drunken brother murders brother, throws body into well and escapes||

शेयर करें:
लखनऊ :  
शराब के नशे में भाई बना भाई का कातिल,शव कुएं में फेंक हुआ फरार।।
● समेसी गांव में वारदात से सनसनी, सिर पर मिले चोट के निशान।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के नगराम थाना क्षेत्र के समेसी गांव में रविवार रात रिश्तों को शर्मसार करने वाली वारदात सामने आई। शराब के नशे में हुए विवाद के दौरान छोटे भाई ने बड़े भाई की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद साक्ष्य छिपाने के इरादे से शव पास के कुएं में फेंककर फरार हो गया। सोमवार सुबह कुएं में शव मिलने से गांव में हड़कंप मच गया। पुलिस ने आरोपी छोटे भाई को हिरासत में ले लिया है।
विस्तार : 
मिली जानकारी के मुताबिक थाना नगराम क्षेत्र समेसी गांव निवासी जियालाल (54) अविवाहित थे और गांव के बाहर खेत में छप्पर डालकर रहते थे। रविवार को वह अपने छोटे भाई राम अवतार (45) के साथ खेत में मौजूद थे। दोनों ने साथ बैठकर शराब पी। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों भाइयों में विवाद हो गया और देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि राम अवतार ने बड़े भाई जियालाल को बेरहमी से पीटा, जिससे उनकी मौत हो गई। इसके बाद शव को पास के कुएं में फेंक दिया।
सोमवार सुबह खेतों की ओर गए ग्रामीणों ने कुएं में शव देखा तो पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही नगराम पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाया। मृतक के सिर पर चोट के निशान पाए गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए उच्चाधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, जबकि फॉरेंसिक टीम ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार, मामले में प्राप्त तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी राम अवतार को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। गांव में कानून एवं शांति व्यवस्था कायम है।