लखनऊ :
ऑटो की टक्कर से महिला की मौत, शव सड़क पर रख परिजनों का हंगामा।
दो टूक : मोहनलालगंज के डेबरिया गांव में तेज रफ्तार ऑटो की टक्कर से महिला की मौत के बाद परिजनों का आक्रोश फूट पड़ा। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचते ही परिजनों ने अंतिम संस्कार से इनकार कर दिया और शव सड़क पर रखकर हंगामा शुरू कर दिया। परिजन ऑटो चालक के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने और तत्काल गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस और राजस्व टीम ने काफी देर तक समझाने का प्रयास किया। बाद में परिजन शव को घर ले गए, लेकिन मांगों पर अड़े रहे।
विस्तार :
जानकारी के अनुसार कोतवाली मोहनलालगंज क्षेत्र डेबरिया गांव निवासी भुल्ला (55) शनिवार रात करीब साढ़े सात बजे घर के सामने सड़क पार कर रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार ऑटो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल महिला को पुलिस अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतका के बेटे राजेंद्र की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दुर्घटना करने वाले ऑटो को कब्जे में ले लिया। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचा तो परिजनों ने चालक सुनील की गिरफ्तारी और उसके खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग करते हुए अंतिम संस्कार से इनकार कर दिया। शव सड़क पर रखे जाने से मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।मृतका के परिवार में पति ब्रह्मादीन और दो बेटे अंगनू व राजेंद्र हैं।
●मोहनलालगंज इंस्पेक्टर इंद्रजीत सिंह ने बताया कि बेटे की तहरीर पर मुकदमा दर्ज है। ऑटो कब्जे में लेकर चालक की तलाश की जा रही है। राजस्व टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। परिजनों को समझाया जा रहा है और मामले में विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
कोई टिप्पणी नहीं:
टिप्पणी लिखें (Comment)