बुधवार, 4 नवंबर 2026

लखनऊ : सब्जी मंडियों में बच्चों से कराते थे मोबाइल चोरी, झारखंड में होती थी बिक्री,तीन गिरफ्तार।||Lucknow: Three arrested for allegedly making children steal mobile phones from vegetable markets and selling them in Jharkhand.||

शेयर करें:
लखनऊ : 
सब्जी मंडियों में बच्चों से कराते थे मोबाइल चोरी, झारखंड में होती थी बिक्री,तीन गिरफ्तार।
दो टूक :  लखनऊ के थाना पीजीआई पुलिस टीम ने भीड़भाड़ वाली सब्जी मंडियों में मोबाइल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक युवक और दो बाल अपचारियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह में कई नाबालिग बच्चे शामिल थे, जिनसे चोरी की वारदात कराई जाती थी। चोरी के मोबाइल झारखंड ले जाकर बेचे जाते थे। बच्चों को गिरोह में शामिल करने के पीछे पुलिस से बचने की चाल थी।
विस्तार : 
थाना पीजीआई इस्पेक्टर के मुताबिक स्थानीय थाना क्षेत्र तेलीबाग विकास लाइन, सुभानी खेड़ा निवासी गणेश सिंह भंडारी ने 2 नवंबर को पीजीआई थाने में मोबाइल चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित के मुताबिक, 31 अक्टूबर की रात करीब नौ बजे वह तेलीबाग चौराहे स्थित सब्जी मंडी में खरीदारी कर रहे थे। इसी दौरान किसी ने उनकी जेब से मोबाइल पार कर दिया।
मामले के खुलासे के लिए पुलिस ने टीमें गठित कर तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से जांच शुरू की। मंगलवार रात करीब 2:30 बजे किसान पथ अंडरपास के पास पुलिस ने एक युवक और दो बाल अपचारियों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि आदित्य कुमार उर्फ गिल्ला उनसे मोबाइल चोरी करवाता था। गिरोह के सदस्य तेलीबाग, साउथ सिटी, वृंदावन, कल्ली और अहिमामऊ की सब्जी मंडियों में भीड़ का फायदा उठाकर लोगों की जेब से मोबाइल निकाल लेते थे। इसके बाद चोरी के मोबाइल सरगना को सौंप दिए जाते थे, जिन्हें वह झारखंड ले जाकर बेचता था।
पुलिस के अनुसार, गिरोह का तरीका यह था कि चोरी के काम में छोटे बच्चों को आगे रखा जाए, ताकि पकड़े जाने पर कम उम्र का फायदा उठाकर वे लोगों की सहानुभूति हासिल कर सकें और शिकायत से बच निकलें। पुलिस अब गिरोह के सरगना और नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।