बुधवार, 4 नवंबर 2026

लखनऊ : बेसमेंट की मिट्टी धंसने से मजदूर की दर्दनाक मौत,निर्माण स्थल पर मचा हड़कंप।।||Lucknow: A laborer died tragically after basement soil caved in, causing panic at the construction site.||

शेयर करें:
लखनऊ : 
बेसमेंट की मिट्टी धंसने से मजदूर की दर्दनाक मौत,निर्माण स्थल पर मचा हड़कंप।।
दो टूक : लखनऊ के कोतवाली मोहनलालगंज के धर्मावतखेड़ा स्थित एल्डिको प्लॉटिंग साइट पर मंगलवार को निर्माण कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। निर्माणाधीन बेसमेंट में काम कर रहे 45 वर्षीय मजदूर के ऊपर अचानक मिट्टी का भारी मलबा गिर गया। मलबे में दबकर मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। साथी मजदूरों ने किसी तरह उसे बाहर निकाला और पुलिस की मदद से एपेक्स ट्रामा सेंटर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
विस्तार : 
मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार को मोहनलालगंज क्षेत्र धर्मावत खेड़ा एल्डिको प्लाटिंग साइड पर बेसमेंट मे काम कर रहे एक मजदूर गम्भीर रुप से घायल हो गया जिसे आनन फानन मे अस्पताल ले जाया गया जहाँ चिकिसको ने मृतक घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान सीतापुर जिले के सकरन थाना क्षेत्र के कुर्मिनपुरवा निवासी राजेश के रूप में हुई है। वह अपने बहनोई गोपाल और बहन शांति के साथ धर्मावतखेड़ा स्थित निजी प्लॉटिंग साइट पर रहकर मजदूरी करता था।
बताया जाता है कि मंगलवार दोपहर राजेश निर्माणाधीन बेसमेंट में पिलर की शटरिंग खोल रहा था। इसी दौरान अचानक बेसमेंट की मिट्टी भरभराकर उसके ऊपर गिर पड़ी। बेसमेंट में पानी भरा होने के कारण वह मलबे में बुरी तरह दब गया और बेहोश हो गया। घटना के बाद मौके पर मौजूद मजदूरों में चीख-पुकार मच गई। काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी।
हादसे की सूचना पर इंस्पेक्टर रामबाबू सिंह और चौकी प्रभारी अरुण सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल
निर्माणाधीन बेसमेंट में पानी भरा होने और मिट्टी धंसने के खतरे के बीच मजदूर से काम कराए जाने को लेकर निर्माण स्थल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि साइट पर मजदूरों की सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे। हादसे ने निर्माण स्थलों पर श्रमिकों की जान की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इंस्पेक्टर रामबाबू सिंह के मुताबिक, परिजनों की शिकायत मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।