मंगलवार, 3 नवंबर 2026

लखनऊ : ऑटो सवारी से चेन छीनकर भाग रही लुटेरी महिला को पब्लिक ने दबोचा।।Lucknow: The public caught a female robber who was running away after snatching a chain from an auto passenger.||

शेयर करें:
लखनऊ : 
ऑटो सवारी से चेन छीनकर भाग रही लुटेरी महिला को पब्लिक ने दबोचा।।
दो टूक : लखनऊ के आलमबाग में ऑटो सवार महिलाओं के गिरोह ने बुजुर्ग महिला को निशाना बनाकर चेन लूटने की कोशिश की। टेढ़ी पुलिया के पास हुई वारदात में पीड़िता की सतर्कता और राहगीरों की मदद से एक आरोपी महिला पकड़ ली गई, जबकि उसकी दो साथी मौके से फरार हो गईं। पुलिस ने गिरफ्तार महिला को जेल भेज दिया।
विस्तार :
मिली जानकारी के अनुसार सरोजनी 
नगर के बदाली खेड़ा निवासी मैना देवी पत्नी लाल बहादुर बीते सोमवार दोपहर अपनी बहू को कैसरबाग में वाहन पर बैठाने के बाद ऑटो से घर लौट रही थीं। टेढ़ी पुलिया के पास तीन महिलाएं ऑटो में सवार हो गईं। आरोप है कि इनमें से एक महिला उनके गले पर बार-बार हाथ फेरने लगी, जबकि दूसरी ने उनके पैर पर पैर रखकर दबाया और बिछिया ठीक करने की बात कहकर ध्यान भटकाया।
महिलाओं की संदिग्ध हरकतों पर मैना देवी ने ऑटो रुकवाने को कहा। ऑटो रुकते ही एक महिला उनके गले से सोने की चेन खींचकर भागने लगी। उसकी दोनों साथी भी उतरकर फरार होने लगीं। पीड़िता के शोर मचाने पर राहगीरों ने घेराबंदी कर एक महिला को पकड़ लिया, जबकि दो अन्य भागने में सफल रहीं।पकड़ी गई महिला ने चेन वापस करते हुए अपने जेवर और रुपये देने का प्रलोभन देकर बचने की कोशिश की। सूचना पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने उसे हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम संजना पत्नी संजय निवासी ढेमुशा, गोरखपुर बताया। हालांकि, उसने फरार दोनों साथियों के नाम नहीं बताए।
प्रभारी निरीक्षक आलमबाग बृजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार आरोपी महिला के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया गया है। फरार महिलाओं के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।