गौतमबुद्धनगर: किसानों की समस्याओं पर भाकियू सख्त, 15 दिन में समाधान नहीं हुआ तो दादरी तहसील पर होगा बड़ा आंदोलन!!
दादरी तहसील में अधिकारियों के साथ हुई अहम बैठक, भूमि अधिग्रहण मुआवजे से लेकर सड़क, बिजली और भ्रष्टाचार के मुद्दे प्रमुखता से उठाए; अधिकारियों ने मांगा 15 दिन का समय
दो टूक//ग्रेटर नोएडा/दादरी, गौतमबुद्धनगर। किसानों एवं ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं के समाधान को लेकर भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) ने मंगलवार, 3 नवंबर को दादरी तहसील स्थित सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में किसानों की लंबे समय से लंबित समस्याओं, ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों की स्थिति और विभिन्न विभागों में कथित अनियमितताओं का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। भाकियू ने अधिकारियों से समस्याओं का समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण करने की मांग करते हुए 15 दिन का समय दिया। साथ ही चेतावनी दी कि निर्धारित समय में समाधान नहीं हुआ तो संगठन तहसील परिसर में ट्रैक्टरों के साथ पहुंचकर बड़ा आंदोलन करेगा।
बैठक का नेतृत्व दादरी जिलाध्यक्ष मनोज मावी ने किया, जबकि अध्यक्षता गौतमबुद्धनगर जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने की। बैठक में किसानों और ग्रामीणों से जुड़ी समस्याओं पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। इस दौरान भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण से अनिल कुमार, विद्युत विभाग से राजकुमार मौर्य, विकास खंड से फनीस कुमार, उप जिलाधिकारी अरुण कुमार, लोक निर्माण विभाग से प्रमोद शर्मा तथा तहसीलदार कृष्ण चौरसिया सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने नए भूमि अधिग्रहण कानून के तहत किसानों को उचित मुआवजा दिलाने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने विद्युत विभाग में कथित भ्रष्टाचार एवं अनियमितताओं, टूटी और जर्जर सड़कों की मरम्मत, ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों में तेजी लाने, गांवों के तालाबों का सौंदर्यीकरण कराने तथा किसानों की जरूरत के अनुसार फुट ओवरब्रिज और अंडरपास का निर्माण कराने की मांग रखी।
इसके अलावा दाखिल-खारिज से संबंधित समस्याओं, मूल एवं निवास प्रमाण पत्र बनवाने में आ रही परेशानियों और कथित भ्रष्टाचार, गांवों में मकान निर्माण के नाम पर नोटिस जारी कर अवैध वसूली किए जाने की शिकायतों तथा ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं की कमी का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया।
जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने कहा कि किसान और ग्रामीण अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर काटने को मजबूर हैं। संबंधित विभागों की जिम्मेदारी है कि वे जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुनें और उनका समयबद्ध तरीके से निस्तारण करें। उन्होंने विभागों में कथित भ्रष्टाचार एवं अनियमितताओं पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों से जवाबदेही तय करने और किसानों को अनावश्यक रूप से परेशान न करने की बात कही।
बैठक में मौजूद विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने किसानों एवं ग्रामीणों की ओर से उठाई गई समस्याओं के निस्तारण के लिए 15 दिन का समय मांगा। इस पर दादरी जिलाध्यक्ष मनोज मावी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि संगठन किसानों की समस्याओं को लेकर गंभीर है और अब केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा। यदि निर्धारित समयावधि में समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो भारतीय किसान यूनियन तहसील परिसर में ट्रैक्टरों के साथ पहुंचकर आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि किसानों के अधिकारों और ग्रामीणों की मूलभूत सुविधाओं के लिए संगठन संघर्ष करने से पीछे नहीं हटेगा।
बैठक के अंत में किसानों एवं ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं से संबंधित मांगों का ज्ञापन उप जिलाधिकारी अरुण कुमार को सौंपा गया। भाकियू पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि संबंधित विभाग निर्धारित समय में समस्याओं का समाधान कर किसानों को राहत पहुंचाएंगे।
इस मौके पर सिंहराज गुर्जर, परविंदर गुर्जर, रामकेश भाटी, जगत अवाना, सचिन अवाना, राजा चौधरी, आजाद चौधरी, मनित नागर, धीरेंद्र भाटी टीनू, विकास भाटी, अभिषेक कसाना, विपिन तंवर, सुदर्शन शर्मा सहित भारतीय किसान यूनियन के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।।
