लखनऊ :
धनतेरस पर बाजारों में पुलिस का पहरा,खुद सड़क पर उतरे पुलिस आयुक्त।।
दो टूक : धनतेरस और दीपावली पर बाजारों में उमड़ रही खरीदारों की भीड़ के बीच लखनऊ पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। त्योहारों में चोरी, टप्पेबाजी, छिनैती और अन्य आपराधिक वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने प्रमुख बाजारों में सुरक्षा का पहरा बढ़ा दिया है। शुक्रवार को पुलिस आयुक्त तरुण गाबा खुद भारी पुलिस बल के साथ सड़क पर उतरे और कोनेश्वर चौराहे से चौक चौराहे होते हुए सर्राफा मार्केट एवं मैन मार्केट तक पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने व्यापारियों और आम नागरिकों से संवाद कर सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
विस्तार :
लखनऊ पुलिस आयुक्त तरुण गाबा ने बाजारों में पुलिस की सक्रियता, सुरक्षा प्रबंधों और यातायात व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को लगातार भ्रमणशील रहने, संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर पैनी नजर रखने तथा भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। इस दौरान संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था बबलू कुमार, डीसीपी पश्चिमी जितेन्द्र कुमार श्रीवास्तव और अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
वहीं, संयुक्त पुलिस आयुक्त अपराध एवं मुख्यालय अपर्णा कुमार ने डीसीपी दक्षिणी मो. मुस्ताक के साथ कृष्णानगर क्षेत्र के सर्राफा बाजार में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था परखी। हजरतगंज चौराहे पर डीसीपी मध्य अर्पित विजयवर्गीय ने भी पुलिस बल के साथ पैदल मार्च कर सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन का जायजा लिया।
◆बाजारों में पुलिस का पहरा, सादे कपड़ों में भी निगरानी।
त्योहारी भीड़ को देखते हुए प्रमुख बाजारों, सर्राफा प्रतिष्ठानों और संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था में क्यूआरटी, पीएसी और महिला पुलिसकर्मियों को लगाया गया है। सीसीटीवी कैमरों और तकनीकी संसाधनों से निगरानी के साथ सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों को भी संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने की जिम्मेदारी दी गई है। एंटी सबोटाज एवं बीडीडीएस टीम को भी आवश्यकतानुसार चेकिंग के निर्देश दिए गए हैं।
●व्यापारियों से संवाद, यातायात पर भी नजर।
पैदल गश्त के दौरान पुलिस अधिकारियों ने दुकानदारों और व्यापारियों से सुरक्षा संबंधी सुझाव एवं समस्याएं जानीं। व्यापारियों से दुकानों पर सुरक्षा के जरूरी इंतजाम रखने और संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की गई। भीड़भाड़ वाले बाजारों में अतिरिक्त यातायात पुलिसकर्मियों की तैनाती और जरूरत के मुताबिक डायवर्जन की व्यवस्था की गई है। नो-पार्किंग में वाहन खड़ा नहीं करने और निर्धारित पार्किंग का इस्तेमाल करने की अपील भी की गई।
साइबर ठगों से भी सावधान रहने की अपील
लखनऊ पुलिस ने ऑनलाइन खरीदारी और डिजिटल भुगतान के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। नागरिकों से ओटीपी, यूपीआई पिन और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा नहीं करने तथा कैशबैक और इनाम के नाम पर भेजे गए संदिग्ध लिंक से बचने को कहा गया है। साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई है।
पुलिस ने नागरिकों से आतिशबाजी सुरक्षित स्थानों पर करने, बच्चों को अकेले पटाखे न जलाने देने, घर से निकलते समय दरवाजे-खिड़कियां बंद रखने और किसी भी लावारिस वस्तु की सूचना पुलिस को देने की अपील की है।
लखनऊ पुलिस का दावा है कि त्योहारों के दौरान बाजारों की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और यातायात प्रबंधन के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं, ताकि व्यापारी बेखौफ कारोबार कर सकें और आमजन परिवार के साथ सुरक्षित माहौल में त्योहार मना सकें।
