गौतमबुद्धनगर: धनतेरस पर पत्रकारों और वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान, दीपावली की खुशियां कीं साझा!!
दो टूक//नोएडा। धनतेरस के पावन पर्व पर नोएडा के सलारपुर स्थित जिला कार्यालय में आपसी सौहार्द, सामाजिक समरसता और सम्मान की भावना के साथ ‘चाय पर चर्चा’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने पत्रकार बंधुओं एवं क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित कर दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हरिश्चंद्र भाटी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि हरिश्चंद्र भाटी ने सभी को धनतेरस एवं दीपावली की बधाई देते हुए भगवान गणेश, माता लक्ष्मी और भगवान धन्वंतरि से सभी के जीवन में सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य, शांति और खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि दीपावली का पर्व अंधकार पर प्रकाश, निराशा पर आशा और बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। यह त्योहार आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक एकता को मजबूत करने का संदेश देता है। उन्होंने कामना की कि दीपावली का प्रकाश प्रत्येक परिवार के जीवन में सुख और समृद्धि लेकर आए।
इस अवसर पर आयोजित चाय पर चर्चा के दौरान सामाजिक, राजनीतिक और जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर सार्थक संवाद हुआ। कार्यक्रम में पत्रकार बंधुओं एवं वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान करते हुए जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने कहा कि पत्रकार समाज का महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। लोकतंत्र को मजबूत बनाने के साथ-साथ समाज की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने में पत्रकारों की भूमिका बेहद अहम है।
उन्होंने कहा कि पत्रकार बंधु पूरी निष्ठा, सच्चाई और निष्पक्षता के साथ किसानों, मजदूरों, गरीबों और आमजन की आवाज को बुलंद करते हैं। जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाकर संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाना और जरूरतमंदों को न्याय दिलाने की दिशा में आवाज उठाना पत्रकारिता का महत्वपूर्ण दायित्व है। समाज के प्रति पत्रकारों का यह योगदान सराहनीय और सम्मान के योग्य है।
अशोक भाटी ने वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान को भी सामाजिक संस्कारों और परंपराओं का अभिन्न हिस्सा बताते हुए कहा कि बुजुर्ग समाज की धरोहर हैं। उनका अनुभव, मार्गदर्शन और आशीर्वाद नई पीढ़ी के लिए अमूल्य है। समाज में आपसी सम्मान, एकता और भाईचारे की भावना को मजबूत करने के लिए ऐसे आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में आत्मीयता और उत्साह का माहौल देखने को मिला। चाय की चुस्कियों के बीच सभी ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं और सामाजिक एकजुटता बनाए रखने का संकल्प व्यक्त किया।
इस मौके पर झलकेस बाबूजी, चरण सिंह भाटी, सिंहराज गुर्जर, योगेश भाटी, मदन भाटी, गजेंद्र रेक्सवाल, मनोज त्यागी, सतीश भड़ाना, विजेंद्र भड़ाना, कृष्ण भाटी, अनिल खारी, कमलजीत खारी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
