मंगलवार, 10 नवंबर 2026

लखनऊ : इनोवा की टक्कर से साइकिल सवार अधेड़ घायल,इलाज के दौरान मौत।।||Lucknow: Middle-aged man riding a bicycle injured in collision with Innova, dies during treatment.||

शेयर करें:
लखनऊ :
 इनोवा की टक्कर से साइकिल सवार अधेड़ घायल,इलाज के दौरान मौत।।
● बिजनौर के औरंगाबाद पुलिस चौकी तिराहे पर हुआ हादसा।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के बिजनौर थाना क्षेत्र औरंगाबाद पुलिस चौके के पास तेज रफ्तार इनोवा क्रिस्टा की टक्कर से गंभीर रूप से घायल साइकिल सवार अधेड़ की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के बेटे की तहरीर पर पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
विस्तार :
प्राप्त जानकारी के अनुसार मूलत: आजमगढ़ जनपद के गंभीरपुर थाना क्षेत्र स्थित अमिलिया गांव निवासी आकाश के पिता रामनरायन (निवासी) बिजनौर क्षेत्र में रहते थे। 8 नवंबर की रात करीब आठ बजे वह बिजनौर बाजार से सामान खरीदकर साइकिल से अपने कमरे की ओर जा रहे थे। इसी दौरान औरंगाबाद पुलिस चौकी तिराहे के पास सामने से तेज रफ्तार में आ रही इनोवा क्रिस्टा (UP32LA 3838) के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में रामनरायन गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल लोकबंधु अस्पताल पहुंचाया, जहां से हालत गंभीर देखते हुए मेडिकल कॉलेज ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। यहां उपचार के दौरान 9 नवंबर को डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक के बेटे आकाश ने बिजनौर थाने पहुंचकर आरोपी वाहन चालक के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले में आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।