लखनऊ :
गाली-गलौज का विरोध करने पर जान से मारने की धमकी।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के पीजीआई थाना क्षेत्र के कल्ली पश्चिम में फोन पर गाली-गलौज का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया। आरोप है कि दबंगों ने लोहे की रॉड और धारदार हथियार लेकर युवक व उसके साथियों को दौड़ा लिया। किसी तरह जान बचाकर भागे लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने के बाद भी आरोपी धमकी देते रहे।।
विस्तार :
पीड़ित अर्जुन सिंह पुत्र बलवंत सिंह निवासी कल्ली पश्चिम पीजीआई के मुताबिक, 8 नवंबर की रात करीब 11 बजे हेमंत आनंद पुत्र स्वर्गीय मंगलू और बादल ने सौरभ पाल से फोन पर गाली-गलौज की। इस दौरान किसान यूनियन और पुलिस प्रशासन के खिलाफ भी अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया। सौरभ पाल ने फोन रिकॉर्डिंग अर्जुन सिंह को भेजी, जिसमें आरोपियों द्वारा उन्हें और उनके भाई को गाली देने की बात सामने आई।
वह इस मामले में बातचीत करने आरोपियों के घर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। आरोप है कि इसी दौरान हेमंत आनंद और बादल अपने साथियों के साथ लोहे की रॉड व धारदार हथियार लेकर दौड़ पड़े। मौके पर पहुंची पुलिस के सामने भी आरोपी कथित तौर पर धमकी देते रहे।
पीड़ित का आरोप है कि आरोपी खुलेआम धमकी दे रहे हैं कि कल्ली पश्चिम छोड़कर चले जाओ, वरना जहां मिलोगे गोली मार देंगे। साथ ही उनके साथ आने वाले लोगों पर एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराने की धमकी भी दी जा रही है। पीड़ित ने हेमंत आनंद, बादल, आशीष समेत चार-पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ शिकायत करते हुए खुद और परिवार की सुरक्षा तथा आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
