लखनऊ :
बंद कमरे में फंदे से लटका मिला नवविवाहिता का शव,घर में मचा हड़कंप।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के बाजारखाला थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर जान दे दी। महिला का शव घर के बंद कमरे में पंखे से दुपट्टे के सहारे लटका मिला। घटना की सूचना से इलाके में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है।
विस्तार :
थाना बाजार खाला पुलिस के मुताबिक बीते मंगलवार 3 नवंबर 2026 को करेठा स्थित तिकुनिया पार्क के पास पानी की टंकी के निकट शर्मा सदन, मकान संख्या 250/237 में एक महिला के बंद कमरे में फांसी लगाने की सूचना मिली थी। सूचना पर बाजारखाला पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची।
प्रारंभिक जानकारी में मृतका की पहचान पूजा गौतम (23) निवासी गुलजारनगर के रूप में हुई। पूजा की शादी 25 जून 2026 को प्रदीप सोनी (25) पुत्र राम आसरे सोनी निवासी ग्राम जमीलपुर, थाना महाराजगंज, जनपद आजमगढ़ के साथ हुई थी।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर फोरेंसिक टीम को बुलाया और आवश्यक साक्ष्य संकलित किए। परिजन महिला के शव को केजीएमयू अस्पताल, चौक ले गए, जहां पुलिस द्वारा शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, अभी तक परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। शिकायत और सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
