लखनऊ :
साइबर ठग ने Juspay ऐप के जरिए बैंक खाते से उड़ाए 5 हजार केस दर्ज।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ में साइबर जालसाजों ने एक बैंक खाताधारक को निशाना बनाते हुए उसके खाते से पांच हजार रुपये पार कर दिए। पीड़ित की शिकायत पर सरोजनीनगर थाने में साइबर धोखाधड़ी की जांच के लिए शिकायत दर्ज कराई गई है।
विस्तार :
सरोजनीनगर थाना क्षेत्र के दरोगा खेड़ा स्थित राम विहार कॉलोनी निवासी जय सिंह यादव का यूको बैंक की चंद्रावल शाखा में खाता है। पीड़ित के मुताबिक, 30 अक्टूबर 2026 की शाम 5:36 बजे उनके मोबाइल पर YES PAY NEXT की ओर से रजिस्ट्रेशन सफल होने का मैसेज आया, जबकि उन्होंने ऐसा कोई रजिस्ट्रेशन नहीं किया था।
इसके महज दो मिनट बाद शाम 5:38 बजे उनके बैंक खाते को YES BANK Juspay ऐप में सफलतापूर्वक लिंक किए जाने का मैसेज मिला। पीड़ित कुछ समझ पाते, इससे पहले ही शाम 6:12 बजे खाते से पांच हजार रुपये कटने का संदेश आ गया। पीड़ित ने स्पष्ट किया कि न तो उन्होंने खाते को ऐप से लिंक किया और न ही कोई लेनदेन किया।
खाते से रकम गायब होने पर पीड़ित ने सरोजनीनगर थाने में प्रार्थना पत्र देकर साइबर ठगी की जांच कराने और निकाली गई धनराशि वापस दिलाने की मांग की है।
वहीं मिली तहरीर के अनुसार सरोजनीनगर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरु कर दी।
