गौतमबुद्धनगर: विकसित भारत के संकल्प से लोकतंत्र की मजबूती तक, JIMS में 200 युवाओं ने जाना मतदान का महत्व!!
महामेधा नागर ने युवाओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने का किया आह्वान, खेल प्रतिभाओं को भी किया गया सम्मानित
दो टूक//ग्रेटर नोएडा, 04 नवंबर 2026। युवाओं को लोकतंत्र, मतदान के अधिकार और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से माय भारत, गौतमबुद्धनगर की ओर से जेआईएमएस (JIMS), ग्रेटर नोएडा के सहयोग से ‘विकसित भारत युवा संवाद–Know Your Vote’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में करीब 200 युवाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। इस दौरान युवाओं को मतदान के महत्व, लोकतांत्रिक व्यवस्था में उनकी भूमिका और देश के विकास में उनकी भागीदारी के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में भाजपा उत्तर प्रदेश की प्रदेश मंत्री महामेधा नागर तथा संयोजक के रूप में युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष राज नागर उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए माय भारत के उपनिदेशक शिवेंद्र सिंह ने युवाओं को संगठन की विभिन्न गतिविधियों एवं महत्वपूर्ण पहलों की जानकारी दी। उन्होंने विशेष रूप से विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (VBYLD) 2027 और विकसित भारत युवा संसद (VBYP) के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि युवा देश के लोकतांत्रिक और विकासात्मक भविष्य की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। माय भारत का उद्देश्य युवाओं को जागरूक, सक्रिय और जिम्मेदार नागरिक बनाते हुए उन्हें राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ना है। उन्होंने युवाओं से माय भारत के मंच से जुड़कर विभिन्न कार्यक्रमों एवं गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर युवा आइकॉन प्रियांशु चौधरी ने ‘Know Your Vote’ विषय पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण देते हुए मतदान के अधिकार और उसकी महत्ता के बारे में जानकारी दी। इसके बाद महामेधा नागर एवं प्रियांशु चौधरी के साथ युवाओं का संवाद आयोजित किया गया। संवाद के दौरान मतदान की आवश्यकता, लोकतांत्रिक प्रक्रिया और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के संबंध में विस्तार से जागरूक किया गया। युवाओं ने भी अपने सवाल रखे और प्रश्नोत्तर सत्र में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
मुख्य वक्ता महामेधा नागर ने कहा कि मजबूत लोकतंत्र के निर्माण के लिए प्रत्येक नागरिक का जागरूक और जिम्मेदार होना बेहद जरूरी है। युवाओं को मतदाता के रूप में अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों की भी पूरी जानकारी होनी चाहिए। मतदान केवल एक अधिकार नहीं, बल्कि देश के भविष्य और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी है। उन्होंने युवाओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा अन्य लोगों को भी मतदान के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान खेल जगत में अपनी प्रतिभा और उपलब्धियों से जिले एवं राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। इनमें बॉक्सिंग की खिलाड़ी प्रिया सिंह, कबड्डी के खिलाड़ी आदिल हुसैन, नेटबॉल की खिलाड़ी लक्ष्मी सिंह, कुश्ती के खिलाड़ी सचिन कुमार तथा जूडो के खिलाड़ी जीशान गिल शामिल रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर जेआईएमएस के निदेशक प्रो. डॉ. सचिन यादव, कुलसचिव डॉ. आर.एन. राजोटिया, एचओडी एवं एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अंबिका राठी, डॉ. सर्वेंद्र तिवारी, डॉ. योगेश कुमार सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन लोकतांत्रिक शपथ एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। पूरे आयोजन के माध्यम से युवाओं को यह संदेश दिया गया कि जागरूक युवा, जिम्मेदार मतदाता और सक्रिय नागरिक ही विकसित भारत के निर्माण की मजबूत नींव हैं।।
