गौतमबुद्धनगर: दीपावली पर पटाखों की बिक्री और सुरक्षा को लेकर पुलिस-प्रशासन सख्त, विक्रेताओं को दिए कड़े निर्देश!!
ग्रीन पटाखों की बिक्री केवल निर्धारित एवं अधिकृत स्थलों पर होगी, अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य
सेक्टर-2 फायर स्टेशन पर एडीसीपी अभय कुमार मिश्र और मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने पटाखा विक्रेताओं के साथ की बैठक
दो टूक//नोएडा। आगामी दीपावली पर्व को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए गौतमबुद्धनगर पुलिस और अग्निशमन विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन एवं डीसीपी नोएडा श्रीमती प्रीति यादव के पर्यवेक्षण में बुधवार को सेक्टर-2 स्थित फायर स्टेशन पर पटाखा विक्रेताओं के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में एडीसीपी नोएडा अभय कुमार मिश्र एवं मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) गौतमबुद्धनगर प्रदीप कुमार ने विक्रेताओं को सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने पटाखों के सुरक्षित भंडारण, बिक्री और रखरखाव से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि दीपावली के दौरान किसी भी प्रकार की अग्नि दुर्घटना अथवा अप्रिय घटना को रोकने के लिए सभी पटाखा विक्रेताओं को निर्धारित अग्नि सुरक्षा मानकों और प्रशासन द्वारा जारी नियमों का कड़ाई से पालन करना होगा। नियमों की अनदेखी या सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अधिकारियों ने विशेष रूप से निर्देश दिए कि ग्रीन पटाखों की बिक्री केवल निर्धारित एवं अधिकृत स्थलों पर ही की जाएगी। सभी बिक्री स्थलों पर पर्याप्त अग्निशमन उपकरण उपलब्ध रखने के साथ ही आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक सुरक्षा इंतजाम पहले से सुनिश्चित किए जाएं। दुकानों एवं बिक्री स्थलों पर ज्वलनशील पदार्थों का अनावश्यक भंडारण न किया जाए तथा विद्युत सुरक्षा से संबंधित सभी मानकों का भी पालन किया जाए।
बैठक में पटाखा विक्रेताओं को यह भी निर्देशित किया गया कि वे प्रशासन एवं अग्निशमन विभाग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पूरी तरह अनुपालन करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि, सुरक्षा में कमी अथवा आग लगने की आशंका दिखाई देने पर तत्काल संबंधित विभाग को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
अधिकारियों ने कहा कि दीपावली खुशियों, उत्साह और रोशनी का पर्व है। इस पर्व को सुरक्षित वातावरण में मनाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। पुलिस, प्रशासन और अग्निशमन विभाग के साथ-साथ पटाखा विक्रेताओं को भी अपनी जिम्मेदारी समझते हुए सुरक्षा नियमों का पालन करना होगा। थोड़ी सी लापरवाही भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है, इसलिए सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की ढिलाई न बरती जाए।
पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की ओर से आमजन से भी अपील की गई है कि दीपावली के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करें और निर्धारित मानकों के अनुरूप ही पटाखों का प्रयोग करें। पुलिस एवं अग्निशमन विभाग का उद्देश्य दीपावली के पर्व को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना है।।
