बुधवार, 4 नवंबर 2026

गौतमबुद्धनगर: शफीपुर के डूब क्षेत्र में प्राधिकरण का बड़ा एक्शन, 8 हजार वर्ग मीटर में फैले अवैध निर्माणों पर चला बुलडोजर!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: शफीपुर के डूब क्षेत्र में प्राधिकरण का बड़ा एक्शन, 8 हजार वर्ग मीटर में फैले अवैध निर्माणों पर चला बुलडोजर!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

पुलिस बल की मौजूदगी में खसरा संख्या 71, 72, 73 और 75 पर किए गए अवैध निर्माण पूरी तरह ध्वस्त, प्राधिकरण ने अवैध निर्माण और जमीन की खरीद-फरोख्त से बचने की दी चेतावनी

दो टूक//नोएडा, 04 नवंबर 2026। डूब क्षेत्र में अवैध निर्माण और जमीन के अवैध कारोबार के खिलाफ प्राधिकरण ने सख्त रुख अपनाते हुए बुधवार को शफीपुर क्षेत्र में बड़ी ध्वस्तीकरण कार्रवाई की। प्राधिकरण की टीम ने पुलिस बल के सहयोग से अभियान चलाकर करीब 8,000 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में किए गए अवैध निर्माणों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।

प्राधिकरण द्वारा की गई इस कार्रवाई के दौरान शफीपुर के डूब क्षेत्र में स्थित खसरा संख्या 71, 72, 73 और 75 पर किए गए अवैध निर्माणों को निशाना बनाया गया। अभियान के तहत संबंधित भूमि पर किए गए अवैध निर्माणों को बुलडोजर की मदद से हटाया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस बल की मौजूदगी रही, जिससे अभियान को व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जा सके।

प्राधिकरण अधिकारियों के अनुसार, डूब क्षेत्र में अवैध रूप से निर्माण करना और ऐसी जमीनों की खरीद-फरोख्त करना नियमों के विरुद्ध है। इसके बावजूद कुछ लोग नियमों की अनदेखी कर डूब क्षेत्र में निर्माण कर रहे हैं और जमीन के नाम पर लोगों को गुमराह कर रहे हैं। ऐसे मामलों को गंभीरता से लेते हुए प्राधिकरण द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है।

प्राधिकरण ने आम जनता से अपील की है कि डूब क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण न करें और न ही ऐसी जमीनों की खरीद-फरोख्त में शामिल हों। बिना वैधानिक जांच और आवश्यक अनुमति के जमीन खरीदने से लोगों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।

प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि डूब क्षेत्र में अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।।