गौतमबुद्धनगर: छठ पूजा को लेकर पुलिस अलर्ट, डीसीपी प्रीति यादव के पर्यवेक्षण में यमुना घाट का निरीक्षण; सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर!!
दो टूक//नोएडा। आगामी छठ पूजा पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता देते हुए बुधवार को थाना सेक्टर-126 क्षेत्रांतर्गत स्थित यमुना घाट का पुलिस अधिकारियों ने स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में तथा डीसीपी नोएडा श्रीमती प्रीति यादव के पर्यवेक्षण में एडीसीपी नोएडा श्री अभय कुमार मिश्र एवं एसीपी-1 नोएडा श्री प्रवीण कुमार ने पुलिस बल के साथ यमुना घाट का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने छठ पूजा के अवसर पर घाट पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा, यातायात एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि छठ पूजा के दौरान घाट पर आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। भीड़ को नियंत्रित करने, श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम बनाने तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचने के लिए प्रभावी प्रबंध किए जाएं। इसके साथ ही घाट पर शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और सतर्क निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
अधिकारियों ने संबंधित पुलिसकर्मियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि पर्व से पूर्व सभी आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने और पूरी मुस्तैदी के साथ ड्यूटी निभाने पर जोर दिया।
गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट की ओर से स्पष्ट किया गया है कि छठ पूजा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराना पुलिस की प्राथमिकता है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगम आवागमन के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
