बुधवार, 4 नवंबर 2026

मऊ : यूपी बोर्ड परीक्षा 2027: केंद्र निर्धारण को लेकर DM की अध्यक्षता में हुई बैठक।Mau : UP Board Exam 2027: A meeting was held under the chairmanship of the DM regarding the determination of centers.||

शेयर करें:
मऊ  : 
यूपी बोर्ड परीक्षा 2027: केंद्र निर्धारण को लेकर DM की अध्यक्षता में हुई बैठक।
◆प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों की होगी स्थलीय जांच, एसडीएम को निरीक्षण कर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक  : उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 में आयोजित होने वाली यूपी बोर्ड की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षाओं के लिए परीक्षा केंद्रों के निर्धारण की प्रक्रिया को लेकर बुधवार को जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तरीय समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा केंद्रों के चयन, निर्धारित मानकों के अनुपालन तथा परीक्षा संबंधी व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक ने माध्यमिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश, प्रयागराज द्वारा जारी परीक्षा केंद्र निर्धारण नीति, शासन के दिशा-निर्देशों एवं निर्धारित मानकों की जानकारी समिति के सदस्यों के समक्ष प्रस्तुत की। साथ ही प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों के संबंध में उपलब्ध कराए गए विवरण और आवश्यक व्यवस्थाओं से भी अवगत कराया।
जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों की व्यवस्थाओं एवं मानकों के अनुपालन की समीक्षा करते हुए कुछ केंद्रों की स्थलीय जांच कराने के निर्देश संबंधित उप जिलाधिकारियों को दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रस्तावित केंद्रों का मौके पर निरीक्षण कर आवश्यक सुविधाओं, व्यवस्थाओं और निर्धारित मानकों की गंभीरता से जांच की जाए। निरीक्षण के बाद संबंधित अधिकारी अपनी रिपोर्ट जिला विद्यालय निरीक्षक को उपलब्ध कराएं, ताकि रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक ने समिति के सदस्यों से प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों के संबंध में किसी भी प्रकार की आपत्ति, अतिरिक्त जानकारी अथवा सुझाव होने पर उसे समिति के संज्ञान में लाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी पहलुओं पर विचार करने के बाद ही परीक्षा केंद्रों के निर्धारण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि यूपी बोर्ड परीक्षा के केंद्रों का निर्धारण पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप किया जाना चाहिए। परीक्षा की शुचिता एवं विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाओं का परीक्षण सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), संबंधित उप जिलाधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित समिति के अन्य सदस्य एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।